मैनपुरी में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या एक बार फिर बढ़ गई है। पिछले दो दिन में जिला अस्पताल में तैनात एक आयुष चिकित्सक सहित मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती चार लोगों ने दम तोड़ दिया। लखनऊ पीजीआई में भर्ती महिला की भी कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। संक्रमण से मरने वालों की संख्या 58 पहुंच गई। इस महीने में आठ मरीज दम तोड़ चुके हैं।
जिला अस्पताल की आयुष विंग में तैनात शहर के मोहल्ला आवास विकास निवासी डॉ. पीएन वर्मा 19 नवंबर को जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए थे। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया था। उपचार के दौरान 20 नवंबर को वे कोरोना संक्रमित पाए गए। शनिवार रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जिला महिला अस्पताल में कार्यरत वरिष्ठ लिपिक अरुण कुमार कुशवाह और उनकी पत्नी रेनू 17 नवंबर को कोरोना संक्रमित मिले थे। दोनों का लखनऊ पीजीआई में उपचार चल रहा था। रविवार की शाम उपचार के दौरान 49 वर्षीय रेनू की लखनऊ पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई।
भोगांव थाना क्षेत्र के गांव बिरसिंहपुर निवासी 22 वर्षीय युवक को 19 नवंबर को मेडिकल कॉलेज सैफई में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान शनिवार की रात युवक ने दम तोड़ दिया।
कस्बा बेवर निवासी 72 वर्षीय सेवानिवृत्त होम्योपैथिक चिकित्सक 19 नवंबर को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया गया था। यहां उपचार के दौरान वे कोरोना संक्रमित मिले थे।
रविवार सुबह उनकी मौत हो गई। एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव अजीतगंज निवासी 90 वर्षीय वृद्ध को पिछले महीने मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया गया था। सैफई में हीं जांच के दौरान वे कोरोना संक्रमित पाए गए थे। रविवार की सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पिछले दो दिन में पांच मरीजों की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। सभी को कोविड-19 की गाइड लाइन के तहत अंतिम संस्कार कराया जा रहा है। परिजनों की जांच कराई जाएगी। डॉ. एके पांडेय सीएमओ
240 लोगों की कराई गई जांच
कुरावली में रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोतवाली परिसर और अस्पताल परिसर में 240 संदिग्धों की कोरोना जांच की गई। 188 लोगों की जांच एंटीजन कार्ड से की गई जबकि 52 के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।