कोरोना की रफ्तार कुछ दिन कम होने के बाद फिर बढ़ने लगी है। गुरुवार को भाजपा नेता सहित जनपद में तीन कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट करा दिया गया है।
फिरोजाबादः कोविड-19 अस्पताल में हंगामा करने वाले कोरोना पॉजिटिव मरीज की मृत्यु
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्रों को सैनिटाइज किया है और संपर्क में आए लोगों को क्वारंटीन किया जा रहा है। जनपद में अभी तक 222 कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। तेजी से कोरोना संक्रमित मरीजों की बढ़ रही संख्या एक बार फिर प्रशासन और स्थानीय जनता के लिए चिंता का कारण बनी है।
सरस्वती नगर गली नंबर दो निवासी भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष कोरोना संक्रमित मिल हैं। कुछ दिन से आ रहे बुखार के कारण भाजपा नेता ने कोरोना संक्रमण की जांच मेडिकल कॉलेज में 25 मई को कराई थी।
इसके बाद सरस्वती नगर निवास पर ही होम क्वारंटीन कर दिया गया था। रिपोर्ट में भाजपा पदाधिकारी में कोरोना संक्रमण की पुष्टी हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने घर को सैनिटाइज करके कोरोना संक्रमित मरीज को कोविड अस्पताल में शिफ्ट कराया है। संपर्क में आए लोगों की सूची बनाई जा रही है।
अरांव क्षेत्र के गांव सैफपुर निवासी 42 वर्षीय एक व्यक्ति कोरोना संक्रमण का शिकार हो गया है। वह 22 मई को ट्रेन से अहमदाबाद से अपने गांव लौटा था। उसके साथ पत्नी और तीन बच्चे भी साथ लौटे हैं। युवक ने 25 मई को कोरोना संक्रमण की जांच कराई थी।
जांच में युवक को कोरोना संक्रमण निकला है। कोरोना संक्रमित मरीज की पत्नी सहित परिवार के छह लोगों को क्वारंटीन किया गया है। ओम नगर का 38 वर्षीय एक व्यक्ति भी कोरोना संक्रमण का शिकार पाया है। परिवार के लोगों को क्वारंटीन किया गया है। वहीं, इलाके में सख्ती बढ़ा दी गई है।
भाजपा नेता के संपर्क में आए लोगों की कडी है लंबी
कोरोना संक्रमण का शिकार मिले युवा मोर्चा के अध्यक्ष जरूरमंदों को भोजन के पैकेट और राशन किट वितरण के कार्यक्रम में लगातार सक्रिय थे। आरएसएस और भाजपा नेताओं के साथ वह भी लगातार राहत सामग्री का वितरण करा रहे थे।
पिछले दिनों सांसद द्वारा आयोजित बैठक में भी वह शामिल हुए थे। सार्वजनिक क्षेत्र में सक्रियता के साथ काम करने के कारण उनके संपर्क में रहे लोगों की कडी भी काफी लंबी है। जो उनके संपर्क में रहे उन लोगों में भी खलबली है।