मैनपुरी। कोरोना वायरस से बचाव के लिए घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। ऐसे में मवेशियों के बीमार होने पर अब पशुपालन विभाग उपचार के लिए आपके घर पहुंचेगा। इसके लिए आपको अपने नजदीकी अस्पताल पर सूचना देनी होगी।
जिले में खेती के साथ ही पशुपालन भी एक व्यवसाय है। लॉकडाउन के चलते पशु बीमार हो रहे हैं तो उन्हें उपचार नहीं मिल पा रहा है। इसे देखते हुए पशुपालन विभाग ने अब घर-घर पहुंचकर मवेशियों के उपचार का निर्णय लिया है। इसके लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार शर्मा ने आदेश जारी कर दिया है। उन्होंने बताया कि अपने नजदीकी पशु चिकित्सालय के चिकित्सक को फोन कर उन्हें घर बुला सकते है। इसके लिए सभी पशु अस्पतालों व सार्वजनिक स्थलों पर पशु चिकित्सक का नंबर भी दर्ज करवा दिया गया है। अगर किसी को कोई समस्या है तो वह उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धीरेंद्र सिंह के मोबाइल नंबर 6396284886 पर अपनी परेशानी बता सकेंगे।