30एमएनपी-19-कुरावली में जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिले में बाहर से आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग में दर्ज रिकार्ड के अनुसार अब तक 5607 लोगों की स्क्रीनिंग कराई गई है। कोरोना संक्रमण के संदेह में तीन और लोगों के सैंपल सोमवार को जांच के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज भेजे गए।
लॉकडाउन के बाद भी जिले में लगातार बाहर से लोग आ रहे हैं। सीएमओ डॉ. एके पांडेय के निर्देश पर इन लोगों की स्क्रीनिंग कराई जा रही है। पिछले एक सप्ताह में जिले में बाहर से आने वाले 5607 लोगों की स्क्रीनिंग कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग की यह रिपोर्ट रविवार तक की है। सोमवार को जिले में चार सौ से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग कराई गई। सोमवार को जिला महिला अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस टीम ने स्क्रीनिंग के बाद संक्रमण का संदेह होने पर आए तीन लोगों के सैंपल लिए। ये सैंपल जांच के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट मंगलवार को आने की संभावना है।
पूर्व में दो की अलीगढ़ से कराई गई थी जांच
पूर्व में जिले के दो लोगों की कोरोना वायरस का संदिग्ध होने पर आलीगढ़ स्थित सेंटर से जांच कराई गई थी। इनमें दोनों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
घबराने की जरूरत नहीं
तीन लोगों के सैंपल संबंधितों की मांग पर जांच के लिए भेजे गए हैं। मेडिकल टीम के अनुसार उनमें कोरोना वायरस की संभावना नहीं दिख रही है। किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है। अपने घरों पर रहें, लॉकडाउन का पालन करें।
महेंद्र बहादुर सिंह, जिलाधिकारी मैनपुरी