27एमएनपी-24-भोगांव में बस स्टैंड के पास रोके गए बाहर से आए हुए यात्री
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। बाहर से आए हुए लोगों की जांच के लिए जिला महिला अस्पताल में बनाए गए स्पेशल ओपीडी वार्ड में शुक्रवार को 152 लोग पहुंचे। इन लोगों की कोरोना वायरस को लेकर स्क्रीनिंग कराई गई। हालांकि किसी में भी कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिले।
शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जिला महिला अस्पताल में कोरोना वायरस को लेकर बनाए गए स्पेशल वार्ड में 152 लोग पहुंचे। इनकी यहां तैनात स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्क्रीनिंग की। स्क्रीनिंग में अधिकतर को बुखार निकला। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घरों में भेज दिया गया। कुछ मरीज खांसी, जुकाम से पीड़ित भी थे। सीएमओ डॉ. एके पांडेय का कहना था कि जिले में अभी तक कोरोना वायरस को लेकर कोई मरीज नहीं मिला है। लोग घबराएं नहीं अपने घरों में रहते हुए 21 दिन के लॉकडाउन का पूरा पालन करें।