कोरोना वैक्सीन: टीका आने के बाद कोरोना को हराने वाले लोग बोले जरूर लगवाएंगे वैक्सीन
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना वायरस को मात देने वाले भी टीकाकरण के लिए जागरूक हैं। उनका कहना है कि वायरस के संक्रमण से भले ही ठीक हो गए हों, लेकिन टीका जरूर लगवाएंगे। बस अपनी बारी का इंतजार है।
पत्नी साथ लगाऊंगा टीका
आगरा में इलाज कराने वाला पहला संक्रमित हूं। पत्नी के साथ जिला अस्पताल में भर्ती हुआ। तब भगवान से यही प्रार्थना करता था कि ठीक हो जाऊं और वैक्सीन आ जाए, अपनी बारी आने पर पत्नी के साथ टीका लगवाऊंगा।
-प्रदीप कुमार, नगला पदी
वैक्सीन जरूर लगवाऊंगा
वैक्सीन आने की खुशी हमसे ज्यादा भला किसको होगी। पूरे दस महीने से संक्रमित मरीजों के इलाज में जुटे हुए हैं। भले ही संक्रमित होकर ठीक हो गया हूं, लेकिन वैक्सीन जरूर लगवाऊंगा। अपनी बारी का इंतजार है।
-डॉ. आशीष गौतम, कोविड डाटा इंचार्ज, एसएन
यही है अंतिम इलाज
पैथोलॉजी लैब में संदिग्ध और कोरोना वायरस के मरीजों के रक्त संबंधी बीमारियों की जांच करते थे। संक्रमित हुए, ठीक होकर ड्यूटी संभाल रहे हैं, लेकिन वैक्सीन का फिर भी इंतजार है। वैक्सीन ही वायरस का अंतिम इलाज है। -डॉ. हरेंद्र यादव, वरिष्ठ पैथोलॉजिस्ट, एसएन
पूरा परिवार लगवाएगा टीका
कोरोना वायरस से मेरा परिवार संक्रमित हो गया था। मानसिक रूप से भी हम परेशान हो गए थे, तब यही चाहते थे कि वैक्सीन आ जाए और हम सभी सबसे पहले लगवाएं। पूरे परिवार को वैक्सीन लगवाने की अपनी बारी का इंतजार है। -अमित कपूर, खंदारी
22 जनवरी के टीकाकरण के लिए 25 बूथ तय
आगरा जिले में 22 जनवरी को टीकाकरण के लिए 25 बूथ तय कर दिए हैं। इनमें 37 सत्र होंगे, जिसमें 3700 स्वास्थ्य कर्मचारियों को टीका लगेगा। शहर में दस बूथ बनाए गए हैं, जिसमें 15 सत्र होंगे। देहात में 15 बूथों पर 22 सत्र लगेंगे। हर सत्र में 100-100 कर्मचारियों को टीका लगाया जाएगा।
इस सूची में पहले दिन के टीकाकरण से छूटे कर्मचारियों को भी शामिल किया जाएगा। इनको मिलाकर ही 100-100 कर्मचारियों की सूची बनाई जाएगी। एक दिन पहले बूथों पर वैक्सीन की 11-11 वाइल पहुंचा दी जाएंगी। चयनित कर्मचारियों को भी एक दिन पहले मैसेज भेजा जाएगा।