आगरा: विक्ट्री का साइन दिखाते स्वास्थ्यकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
ये पल यादगार रहेंगे...शनिवार को एसएन मेडिकल कॉलेज के बूथ पर टीकाकरण अभियान में लगे स्टाफ ने इस एक वाक्य से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। बोले-मरीजों को इंजेक्शन लगाए और टीके भी, लेकिन ऐसा पहली बार हुआ कि इतने सारे इंतजाम किए गए और महीनेभर प्रशिक्षण का दौर चलता रहा। लेकिन सच मानिए नर्सिंग की नौकरी में यह यादगार पल रहेगा। जब कभी कोरोना महामारी का जिक्र आएगा तो टीकाकरण अभियान भी किसी उपलब्धि से कम नहीं होगा।
जिंदगी का ऐतिहासिक दिन
एसएन में सबसे पहले डॉक्टर को टीका लगाना मेरी जिंदगी का ऐतिहासिक दिन बन गया है। वैसे यह टीका भी अन्य की तरह ही है, इसके लिए मन में किसी तरह का दबाव या डर नहीं था। -
सुनीता भामू, नर्सिंग स्टाफ
खुशी बयां नहीं कर सकती
टीका लगाने वालों में उनका नाम आते ही बहुत खुश हुई। लगा कि इस महामारी के खात्मे में वह भी अपना योगदान देंगी। पति और परिजनों को बताया तो वह भी बहुत खुश हुए।
- नूतन सिंह, नर्सिंग स्टाफ