कासगंज। जिले में बुधवार को 10 नए कोरोना संक्रमित सामने आए। सभी संक्रमितों को आइसोलेट किया गया है। अब जिला में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 1801 पर पहुंच गया है।
विभाग ने एंटीजन किट से 1087 जांच की। जिला अस्पताल व कासगंज में की गई 332 जांच में रामवाटिका कॉलोनी में दो महिला व एक युवक एवं एक वृद्ध, दयालपुरम में एक महिला, हनौता में एक वृद्ध संक्रमित निकला। सहावर में 148 जांच में बड़ा बाजार की एक महिला संक्रमित निकली।
सिढ़पुरा में 112 जांच में सौगपुर सिंगपुर में एक वृद्ध संक्रमित पाया गया। आरटीपीसीआर की जांच में शहर के मोहल्ला जय जयराम में एक वृद्ध, पटियाली के मोहल्ला मिश्राना में एक वृद्ध संक्रमित पाया गया। इसके अलावा सोरों मे 116, गंजडुंडवारा में 120, पटियाली में 97 एवं अमांपुर में 162, टूनेट से जांचें हुईं। इनमें कोई भी संक्रमित नहीं मिला। आरटीपीसीआर की जांच के लिए 643 सेंपल लिए गए। इन सेंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
सीएमओ डॉ. प्रतिमा श्रीवास्तव ने बताया कि जिला में 10 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनको आइसोलेट कर दिया है। संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की कांट्रेक्ट हिस्ट्री तैयार की जा रही है, जिससे उनकी जांच कराई जा सके।