कासगंज। जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से पैर पसार रहा है। तीन दिनों में ही आंकड़ा एक से बढ़कर 9 पर पहुंच गया, लेकिन किसी भी संक्रमित में कोई लक्षण सामने नहीं आए। लक्षणों के सामने न आने से चिंता बढ़ गई है।
कोरोना संक्रमण की रफ़तार जिला में तेजी से बढ़ रही है। जिला में आई कोरोना की पहली व दूसरी लहर में अधिकतर लोगों में कोरोना से जुडे़ लक्षण देखने को मिले थे। अधिकतर लोगों में सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार जैसे लक्षण देखने को मिले। कुछ लोगों में दस्त आदि की समस्या भी सामने आई, लेकिन इस बार अभी तक जो मामले सामने आए हैं उनका कोरोना का स्वरूप बदला हुआ देखने को मिल रहा है। अभी तक जिला में जो नौ मरीज कोरोना संक्रमित सामने आए हैं उनमें से किसी में भी कोरोना के कोई लक्षण सामने नहीं आए हैं। सोरों के टिंबरपुर में मिला मरीज की कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। तो गोरहा में संक्रमित निकली युवती दिल्ली में अपनी संक्रमित बुआ के संपर्क में आई थी। इसके बाद उसने अपनी जांच कराई तो वह संक्रमित निकल आई। इसके बाद उसके परिवार के चार अन्य सदस्य भी संक्रमित निकले। पटियाली के गांव में संक्रमित निकला युवक गाजियाबाद से आया था। लेकिन इनमें किसी प्रकार के लक्षण नहीं थे। इसी तरह दो अन्य संक्रमितों में भी कोई लक्षण नहीं मिला। बिना लक्षणों के मरीजों के सामने आने से स्वास्थ्य विभाग भी चिंतित हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का मानना है कि बिना लक्षण के मरीजों के सामने आना चिंता का विषय है। इससे मरीजों के जीनोम सीक्वेंसिंग भी नहीं हो पा रही, जिससे पता नहीं चल पा रहा कि जिला में जो मरीज सामने आ रहे हैं उनमें कौन सा वैरिएंट है।
जिला में अभी तक जो कोरोना मरीज सामने आए हैं उनमें किसी प्रकार का लक्षण सामने नहीं आया है। ऐसे में सावधानी अत्यंत आवश्यक है। बिना मास्क के घर से बाहर न निकलें। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अवश्य करें। भीड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। - डा. अनिल कुमार, सीएमओ