मैनपुरी। कोरोना टीकाकरण के लिए सोमवार को जिले के 29 केंद्रों पर ड्राई रन किया जाएगा। यहां कड़ी सुरक्षा के बीच स्वास्थ्यकर्मियों को प्रतीकात्मक कोरोना टीका लगाया जाएगा। वृहद स्तर पर आयोजित इस ड्राई रन में 435 स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना टीका लगाया जाएगा। इसकी सभी तैयारी रविवार को पूरी कर ली गईं है।
सोमवार को जिले के 29 केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग कोरोना का ड्राई रन किया जाएगा। ये ड्राई रन स्वास्थ्य विभाग के लिए इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि आगामी दिनों में इन्हीं 29 केंद्रों पर पहला वास्तविक टीकाकरण भी होगा। पांच जनवरी को पहले भी ड्राई रन किया जा चुका है। इसके बाद भी वृहद स्तर पर ड्राई रन किए जाने के पीछे प्रशासन की मंशा टीकाकरण के दौरान आने वाली समस्याओं का पता लगाने की है।
सोमवार को होने वाले ड्राई रन में प्रत्येक केंद्र पर 15 स्वास्यकर्मियों को कोरोना का प्रतीकात्मक टीका लगाया जाएगा। इससे पूर्व उनकी थर्मल स्क्रीनिंग करने के साथ ही पहचान का प्रमाण का मिलान करते हुए ऑनलाइन जानकारी भी अपलोड की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी टीकाकरण स्टाफ की होगी। स्टाफ में प्रत्येक केंद्र पर दो पुलिसकर्मियों के अलावा पांच स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद रहेंगी। सुबह नौ बजे से ड्राई रन शुरू हो जाएगा।
ब्लॉक कोल्ड चेन से पहुंचेगी वैक्सीन
शनिवार और रविवार को कोरोना टीकाकरण के पूर्वाभ्यास के तहत सभी ब्लॉक कोल्ड चेन पर मुख्यालय कोल्ड चेन से वैक्सीन भेजी गई। शनिवार को जहां पांच ब्लॉक कोल्ड चेन पर वैक्सीन पहुंच गई थी तो वहीं रविवार को अन्य पर भी वैक्सीन उपलब्ध करा दी गई। यहीं से अब सभी टीकाकरण केंद्रों पर ड्राई रन के दौरान वैक्सीन पहुंचाई जाएगी। सोमवार को ड्राई रन के लिए सुबह साढ़े आठ बजे तक सभी केंद्रों पर वैक्सीन पहुंच जाएगी।
यहां होगा कोरोना का ड्राई रन
पुराना महिला अस्पताल, जीरियाटिक वार्ड जिला अस्पताल, बर्न वार्ड जिला अस्पताल, कोल्ड चेन मैनपुरी अर्बन, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आगरा रोड, सतीश हॉस्पीटल कचहरी रोड, मैनपुरी नर्सिंग होम आगरा रोड, आपातकालीन वार्ड जिला अस्पताल, भगवती हॉस्पीटल भांवत चौराहा, दयानिधि नर्सिंग होम राधारमन रोड, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हिंदपुरम, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचेला, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोधना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घिरोर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औंछा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जागीर पर दो केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलूकनगर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरनाहल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोगांव, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुल्तानगंज पर दो केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करहल पर दो केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरावली पर दो केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किशनी पर दो केंद्र।
वर्जन
सोमवार को जिले के 29 केंद्रों पर कोरोना टीकाकरण का ड्राई रन होगा। इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। ड्राई रन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया जाएगा।
डॉ. एके पांडेय, सीएमओ।