मैनपुरी। सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने रविवार की दोपहर में कोविड-टू अस्पताल और इमरजेंसी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें जानकारी मिली कि एक कोरोना संक्रमित को कोविड वार्ड के बजाय सामान्य वार्ड में ले जाकर उपचार दिया गया। इस संबंध में सीएमओ ने कोविड की जांच कर रही टीम से स्पष्टीकरण मांगा है।
सीएमओ जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। यहां उन्हें जानकारी मिली कि शनिवार की शाम जिला अस्पताल में सिंधिया तिराहा निवासी एक वृद्ध महिला की कोविड जांच कराई गई। जांच के दौरान वह कोरोना संक्रमित निकलीं। उन्हें पुराने जिला महिला अस्पताल में बनाए गए कोविड-टू हॉस्पिटल में भेजा जाना था, लेकिन उन्हें सामान्य वार्ड में भेज दिया गया।
सीएमओ ने इस संबंध में कोविड की जांच कर रही टीम से स्पष्टीकरण मांगा है। सीएमओ ने इमरजेंसी वार्ड पहुंच कर यहां की व्यवस्थाओं को भी देखा। इ़स दौरान प्रभारी सीएमएस डॉ.अशोक कुमार, डॉ. पीके दुबे, प्रभारी अधिकारीॅ. ऋषि प्रकाश यादव, गौरव गुप्ता, अजय यादव आदि लोग मौजूद रहे।
एंबुलेंस चालक पर कार्रवाई के दिए निर्देश
मैनपुरी। सीएमओ को निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर गंदगी मिली। सीएमओ ने देखा कि यह गंदगी एंबुलेंस संख्या यूपी 32 ईजी 0267 के चालक द्वारा की गई थी। उन्होंने चालक के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
वृद्ध महिला को सामान्य वार्ड में नहीं भेजा गया था। उन्हें इमरजेंसी में ही कोविड जांच एरिया के अंतर्गत रखकर उपचार दिया गया था। उनकी हालत चिंताजनक थी। कोविड अस्पताल-टू में उस समय कोई डॉक्टर नहीं था। यदि वृद्धा को कोविड अस्पताल-टू भेजा जाता तो उनकी मौत हो सकती थी। सामान्य स्थिति में आने पर उन्हें कोविड अस्पताल भेजा गया। जहां से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। -डॉ. आर सिंह प्रभारी कोविड अस्पताल-टू
दो से आठ बजे की ड्यूटी में दो दिन से नहीं पहुंच रहा डॉक्टर
विभागीय सूत्रों की मानें तो जिला महिला अस्पताल के पुराने भवन में संचालित कोविड अस्पताल-टू में पिछले दो दिनों से दोपहर दो बजे से शाम आठ बजे की ड्यूटी में कोई डॉक्टर नहीं पहुंच रहा है। इसके चलते यहां आने वाले मरीजों को रेफर करना पड़ रहा है। कोविड अस्पताल-टू में भर्ती एक मरीज ने इसकी जानकारी दी।
कोरोना संक्रमित महिला को सामान्य वार्ड में भेजने की जानकारी मिली थी। मामले की जांच की जा रही है। दोपहर दो से आठ बजे में डॉक्टर कोविड अस्पताल नहीं पहुंच रहे हैं। इसकी जानकारी नहीं है। -डॉ. एके पांडेय, सीएमओ