मैनपुरी। दीवानी में तारीख करने आने वाले हर वादकारी और पैरोकार की कोरोना जांच कराई जाएगी। वादकारियों की जागरूकता के लिए दीवानी में ही कोरोना हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। संक्रमण से बचाव के लिए उच्च न्यायालय के निर्देश पर यह व्यवस्था शुरू की गई है।
उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद जिला जज तेजप्रताप तिवारी के निर्देशन में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए तैयारियां की गई हैं। कोरोना निवारण समिति के चेयरमैन अपर जिला जज शक्ति सिंह की देखरेख में कोरोना जांच केंद्र की परिसर में ही स्थापना की गई है। इस केंद्र में प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों और न्यायिक कर्मियों की टीम तैनात की है। कोरोना जांच केंद्र में रैपिड एंटीजन टेस्ट की सुविधा है।
दीवानी परिसर में ही कोरोना हेल्प डेस्क की स्थापना करके प्रशिक्षित कर्मचारियों को तैनात किया है। यहां आने वाले सभी की थर्मल स्क्रीनिंग कराना अनिवार्य किया गया है। न्यायालय में हाजिर होने वाले सभी की कोरोना जांच अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए हैं। दीवानी परिसर को नियमित रूप से सैनिटाइज कराने के निर्देश डीएम और सीएमओ को दिए हैं।
आदेश का कड़ाई से होगा पालन
जिला जज तेजप्रताप तिवारी ने आदेश में लिखा है। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए उच्च न्यायालय के आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। हर वादकारी की कोरोना जांच होगी। प्रवेश द्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही दीवानी परिसर में अंदर जाने दिया जाएगा।