मैनपुरी। जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। हररोज संक्रमित मिल रहे हैं। वहीं मौत का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। बुधवार की रात मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कोरोना संक्रमित नौ वर्षीय बालिका ने दम तोड़ दिया। बृहस्पतिवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में 15 पॉजिटिव लोग मिले। सभी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1164 पहुंच गई है। 935 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 209 मरीजों को वर्तमान में उपचार दिया जा रहा है।
करहल विकास खंड के गांव दूंदपुर पतारा निवासी नौ वर्षीय बालिका को सांस लेने में दिक्कत होने पर बुधवार को मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया गया था। यहां जांच के दौरान वह कोरोना संक्रमित पाई गई। बुधवार की रात उपचार के दौरान बालिका की मौत हो गई।
बृहस्पतिवार को शहर के मोहल्ला महमूद नगर, सिविल लाइन, आवास विकास, कचहरी रोड, नगला गहियर, पंजाबी कॉलोनी, कचहरी परिसर, भोगांव के मोहल्ला पथरिया, दन्नाहार के गांव सिरोलिया, बेवर के गांव जिमौरा, घिरोर के गांव कल्होर, औंछा, करहल, जहानगंज, जागीर के गांव नगला धुरा में एक-एक कोरोना संक्रमित मिला। सभी को आइसोलेशन वार्ड भोगांव भेजा गया है। इसके साथ ही उनके संपर्क में आने वालों की भी तलाश की जा रही है।