कासगंज। कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए सरकार के निर्देश पर ग्राम पंचायतों द्वारा खरीदे गए पल्स ऑक्सीमीटर और थर्मामीटर के मानकों की जांच एसआईटी (विशेष जांच दल) ने शुरू कर दी है। पत्र भेजकर जिले में की गई खरीद की जानकारी मांगी है। पंचायती राज विभाग द्वारा उपकरण खरीद का पूरा ब्योरा तैयार किया जा रहा है।
जिले की सभी ग्राम पंचायतों में कोरोना से निपटने के लिए पल्स ऑक्सीमीटर एवं थर्मामीटर खरीदे गए थे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में 2800 रुपये से थर्मामीटर और ऑक्सीमीटर की खरीद हुई थी। शासन स्तर से अब इन उपकरणों की खरीद की जांच शुरू कराई गई है। एसआईटी ने पंचायती राज विभाग को पत्र भेजकर सभी ग्राम पंचायतों में खरीद का विस्तृत ब्योरा मांगा है।
साथ ही पूछा है कि कहीं ऐसा तो नहीं कि उपकरणों की खरीद में पंचायतों ने गड़बड़ी की हो। एसआईटी को जांच रिपोर्ट भेजने के लिए पंचायती राज विभाग ने सभी ग्राम पंचायतों से खरीद का ब्योरा जुटाना शुरू कर दिया है।
आंकड़े की नजर से-
- 423 ग्राम पंचायतें हैं जिले में।
- 1184400 रुपये से खरीदे गए हैं जिलेभर में उपकरण।
- 886 उपकरणों की हुई है खरीद।
पहले भी जिले में हो चुकी है जांच
मई माह में ग्राम पंचायतों ने उपकरणों की खरीद की थी। उस समय जिला प्रशासन के संज्ञान में आया था तमाम ग्राम पंचायतों ने चाइना के उपकरण खरीद लिए हैं, जो मानक विपरीत हैं। इस पर जिला प्रशासन ने उपकरण खरीद की जांच की थी और पंचायतों को मानक अनुरूप उपकरण खरीदने के निर्देश दिए थे।
वर्जन-
- उपकरण खरीद की जांच शासन स्तर से एसआईटी ने शुरू की है। उसकी रिपोर्ट भी मांगी है। एसआईटी को रिपोर्ट भेजने के लिए सभी ग्राम पंचायतों से ब्योरा जुटाया जा रहा है।
- शहनाज अंसारी, डीपीआरओ