कासगंज। जिले के लिए राहत भरी खबर है। मंगलवार को आई छह संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इन्हें अस्पताल से छुट्टी दे कर होम क्वारंटीन कर दिया गया है।
जिले में मुंबई, नोएडा सहित अन्य स्थानों से लौटे लोगों में से 17 लोग कोरोना पॉजीटिव पाए गए थे। इनमें से तीन की रिपोर्ट पहले ही निगेटिव आ गई थी। अब छह अन्य लोगों की रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई है। इनमें हिम्मतपुरसई के दो चचेरे भाई एवं तैय्यबपुर सुजातगंज के एक ही परिवार के 2 लोग, 1 सहावर के रामछितौनी और एक पीरछल्ला का युवक शामिल हैं।
इन सभी को आइसोलेशन वार्ड से छुट्टी देकर स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में होम क्वारंटीन किया गया है। अब जिले में कुल 8 सक्रिय केस बचे हैं। इनकी जांच के लिए फिर से सैंपल भेजे गए हैं। साथ ही प्रशासन इन लोगों के आसपास के क्षेत्र से हॉटस्पॉट भी हटाने की तैयारी कर रही है।
14 की रिपोर्ट मंगलवार को आई निगेटिव
मंगलवार को प्रयोगशाला से पूर्व में भेजे गए नमूनों में से 14 और संदिग्धों की रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। प्रशासन निरंतर अभियान चलाकर संदिग्धों के नमूने संकलित कर रहा है। अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के अलावा सैफई मेडिकल कॉलेज में नमूनों की जांच हो रही है।
आंकड़े की नजर से-
- 60 संदिग्ध लेविल-1 के नौरथा सेंटर में भर्ती।
- 9 संदिग्ध लेविल-2 कलावती सेंटर में भर्ती।
लेवल-1 क्वारंटीन सेंटर में बिजली ने बढ़ाई मुसीबत
सोमवार रात लेविल-1 क्वारंटीन सेंटर नौरथा में बिजली ने भर्ती संदिग्धों व तैनात स्टाफ की मुसीबत बढ़ा दी। पहले तो हाईवोल्टेज की समस्या हुई उसके बाद एक विद्युत पोल में फाल्ट हो गया। गर्मी से लोग परेशान हो गए। स्वास्थ्यकर्मियों ने सूचना सीएमओ को दी। सीएमओ डा. प्रतिमा श्रीवास्तव ने बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। उसके काफी देर बाद विद्युतकर्मियों ने फाल्ट सही किया।
नोडल अफसर ने की समीक्षा
शासन से स्वास्थ्य विभाग डॉ. वीरेंद्र कुमार को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और चिकित्सीय सलाह देने के लिए नोडल अफसर बनाकर भेजा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं और तैयारियों की समीक्षा की है।
6 संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। उन्हें अस्पताल से छुट्टी देकर होम क्वारंटीन किया गया है। अब जिले में कुल 8 सक्रिय कोरोना संक्रमण के केस हैं। प्रतिदिन संदिग्धों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। - डा. प्रतिमा श्रीवास्तव, सीएमओ।