कासगंज। गंजडुंडवारा इलाके के सुजावलपुर गांव से एक युवक को कोरोना के लक्षणों के आधार पर जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। युवक कुछ दिन पूर्व दिल्ली से लौटा था। उसके दिल्ली में हुई जमात से तार जुड़े होने की भी जांच की जा रही है। रविवार को उसका सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा। उसके परिजनों को क्वारंटीन में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार युवक दिल्ली में सिलाई का काम करता है। पांच छह दिन पूर्व ही वह अपने गांव गंजडुडवारा के सुजावलपुर लौटा था। वह अपने घर में रह रहा था। उसके दिल्ली से आने की किसी को सूचना भी नहीं थी। शनिवार को खुफिया तंत्र को युवक के दिल्ली से आने की जानकारी मिली। स्वास्थ्य विभाग की टीम स्क्रीनिंग के बाद जिला अस्पताल ले गई। जहां उसे भर्ती कर लिया गया है।
अभी उसकी जांच की जा रही है। हालांकि युवक निजामुद्दीन मरकज की जमात में जाने की बात से इंकार कर रहा है, जबकि युवक की बात पर पुलिस को संदेह है। पुलिस अभी जांच में जुटी है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. प्रतिभा श्रीवास्तव ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराकर चिकित्साधीक्षक को सैंपल जांच को भेजने के निर्देश दिए हैं।
सूचना न छिपाएं
गंजडुडवारा के सुजावलपुर गांव के एक युवक को भर्ती कराया गया है। युवक की पृष्ठभूमि के बारे में जांच की जा रही है। लोग अपनी सूचनाएं न छिपाएं। यदि बाहर से आएं हैं और कोई परेशानी है तो तत्काल प्रशासन को सूचना दें। जिससे समय से परीक्षण हो सके।
सीपी सिंह, जिलाधिकारी
जांच को आज जाएगा सैंपल
सुजावलपुर के युवक को स्क्रीनिंग के बाद जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। परिजनों को क्वारंटीन किया गया है। आज रविवार को सैंपल जांच को जाएगा। युवक की पृष्ठभूमि के बारे में पड़ताल की जा रही है।
डा. प्रतिभा श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी