कासगंज। कोरोना संक्रमण के बीच अब सरकार बेपटरी व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने का प्रयास कर रही है। इस कड़ी में विद्यार्थियों के लिए स्कूल खोलने की तैयारी संचालक कर चुके हैं। वैसे 15 अक्तूबर से स्कूल खोलने की तैयारी थी, लेकिन अब 19 अक्तूबर से कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल खोलने के निर्देश जिला प्रशासन ने दिए हैं। गाइडलाइन को लेकर स्कूल संचालकों में असमंजस है, वे पूरी तरह संतुष्ट नहीं दिख रहे हैं।
क्या कहते हैं स्कूल संचालक
- स्कूल खोलने की जो गाइडलाइन जारी की गई है वह संतोषजनक नहीं है। वैसे तो हमने गाइडलाइन के अनुसार स्कूल खोलने की तैयारी कर ली है, लेकिन चिंता इस बात की है कि विद्यालय पर जो खर्च आएगा वो अधिक होगा। ऐसे में संतुलन कैसे बनाया जाएगा। - विवेक राजपूत, प्रबंधक, एनआर पब्लिक स्कूल।
अधिकांश अभिभावक अभी भी ऑनलाइन पढ़ाई के पक्ष में हैं। अभिभावक विद्यार्थियों को स्कूल भेजने की सहमति दे रहे हैं। वे शर्त रख रहे हैं कि कोरोना संक्रमण से हर हाल में स्कूल में बचाव की व्यवस्था हो। हमने व्यवस्थाएं की हैं, लेकिन संचालन को लेकर असमंजस है। -छोटे सिंह सोलंकी, प्रबंधक, सर्वहितकारी इंटर कॉलेज।
स्कूल खोलने की पूरी तैयारी की जा चुकी है। हम संतुष्ट भी हैं, लेकिन अभी स्कूलों के हित में स्पष्ट गाइडलाइन और मिलनी चाहिए। समस्या उस समय होगी जहां ऑनलाइन पढ़ाई कराएंगे और स्कूलों में कक्षा संचालित करेंगे। फिर भी हमने पूरी तरह व्यवस्थाएं बना ली हैं। -एआर राहा, प्रधानाचार्य, एसजेएस पब्लिक स्कूल।
कोरोना संक्रमण अभी पूरी तरह टला नहीं है। हमने गाइडलाइन के अनुसार स्कूल खोलने की तैयारी कर ली है, लेकिन स्कूल खोलने से संबंधित स्पष्ट दिशा निर्देश प्रशासन से हमें नहीं मिले हैं। इसे लेकर समस्या बनी हुई है। -निर्मल अग्रवाल, प्रबंधक, जेपी पब्लिक स्कूल।
वाहनों की फिटनेस कराने के निर्देश
एआरटीओ राजेश राजपूत ने वाहनों की फिटनेस कराने के निर्देश स्कूल संचालकों को दिए हैं। स्पष्ट किया है कि सोशल डिस्टेंसिंग के साथ विद्यार्थियों को वाहन में बैठाएं। कोरेाना गाइडलाइन का पालन करें। विद्यालय वाहन की नियमित सैनिटाइजेशन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल 19 अक्टूबर से खोले जाने हैं। स्कूल संचालकों को निर्देश जारी किए हैं कि संक्रमण से बचाव के लिए गाइडलाइन का बचाव करते हुए पूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। - रविंद्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक।