कासगंज। गंजडुंडवारा कस्बे में एक इलेक्ट्रिकल की दुकान में चोरों ने नकब लगाकर दुकान में रखे तांबे का तार और नकदी को चोरी कर लिया। दुकान स्वामी ने तहरीर देकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कस्बे में नगर पालिका कार्यालय के समीप 25 जनवरी की रात्रि योगेश शर्मा निवासी स्टेशन रोड की इलेक्ट्रिकल दुकान में चोरों ने नकब लगा दिया। चोर दुकान में घुस गए और वहां पर रखा लगभग 56 किलोग्राम नया तांबे का तार एवं 3 किलोग्राम पुराना तांबे का तार को चोरी कर ले गए।
चोर दुकान की गुल्लक में रखी एक हजार रुपये की नकदी भी चोरी कर ले गए। सुबह जब योगेश कुमार अपनी दुकान को खोलने पहुंचा तो उन्हें दुकान की दीवार में नकब लगा दिखाई दिया। दुकान को खोलने पर पाया कि तांबे का तार चोरी हो चुका है। वहीं गुल्लक में रखी नकदी भी गायब थी। घटना की जानकारी पर अन्य दुकानदार भी एकत्रित हो गए। मामलेे की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके का मुआयना किया। पुलिस ने दुकान स्वामी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की है।