मैनपुरी। छठवें चरण के मतदान प्रक्रिया में कुशीनगर ड्यूटी पर गया मैनपुरी का एक सिपाही अपनी राइफल भूल गया। क्षेत्र के उपनिरीक्षक ने रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ ही राइफल को मालखाने में जमा कराया। क्षेत्राधिकारी ने एसपी मैनपुरी को पत्र भेज कर अवगत कराया है। एसपी का कहना है कि लापरवाही करने वाले पर कार्रवाई होगी।
जिले के अभियोजन कार्यालय में तैनात आरक्षी पवन कुमार की छठवें चरण के चुनाव में कुशीनगर में ड्यूटी लगी थी। तीन मार्च को मतदान में उसकी ड्यूटी प्राथमिक पाठशाला लक्ष्मीपुर विधानसभा पडरौना में लगाई गई थी। चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद सभी कर्मी बसों द्वारा पुलिस लाइन के लिए रवाना हुए। इस दौरान पवन की राइफल बस में ही छूट गई, बस चालक द्वारा एसआई प्रभात कुमार को उक्त राइफल उपलब्ध कराई गई। इसके बाद उप निरीक्षक ने रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ राइफल मालखाने में जमा कराई गई। उक्त सिपाही द्वारा क्षेत्राधिकारी कुशीनगर सदर कुंदन कुमार सिंह के समक्ष पेश होकर भूलवश राइफल छूटने की बात कही। उक्त मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी ने एसपी मैनपुरी को पत्र भेज कर जानकारी दी।
वर्जन
मामला संज्ञान में है, जो भी लापरवाही करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अशोक कुमार राय, एसपी