आगरा में बनी माॅडल रोड पर गड्ढे मिलने पर अब ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। ठेकेदारों को ब्लैकलिस्टेड करने के साथ ही धरोहर राशि जब्त की जाएगी। बिजली के पोल भी संबंधित विभागों की मदद से हटवाने, जलभराव वाले पॉइंट चिह्नित कर समस्या दूर करने के निर्देश बृहस्पतिवार को नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने दिए।
नगर निगम स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित बैठक में चारों जोन के सहायक और अवर अभियंता उपस्थित थे। नगरायुक्त ने कहा कि पिछले तीन वर्ष में जो भी मॉडल रोड बनाई गई हैं, वे कहीं भी क्षतिग्रस्त हैं, या गड्ढा हो गया है तो संबंधित ठेकेदार उसे तुरंत सही कराएं। जेई और एई इसका निरीक्षण करें। इस कार्य में लापरवाही का पता चलता है तो कार्रवाई की जाएगी। जिन कार्यों को ठेकेदार शुरू नहीं कर रहे हैं, उनकी सूची बनाई जाए।
एनजीटी के मानकों का शतप्रतिशत पालन होना चाहिए। निर्माण सामग्री बालू आदि पर पानी का छिड़काव और ग्रीन नेट का उपयोग किया जाए। काम के बाद सीएंडडी वेस्ट का तत्काल उठान कराएं। भीमनगरी के कार्यों का निरीक्षण भी अभियंता को करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य अभियंता ने बताया कि भीम नगरी के लिए 22 काम स्वीकृत हुए हैं। इनमें दो पूरे हो चुके हैं। 10 पर काम चल रहा है। शेष कार्य के टेंडर खुल गए हैं।