पुलिस की मौजूदगी में ठेकेदार ने कटवाए पेड़
चांदेश्वर मंदिर में चल रहे विवाद का हुआ निपटारा
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। शहर के चांदेश्वर मंदिर परिसर में सोमवार को पेड़ काटे जाने के बाद उपजे विवाद का अधिकारियों ने निपटारा कर दिया। मंगलवार को पुलिस की मौजूदगी के बीच ठेकेदार ने यूकेलिप्टिस के पेड़ कटवाए। निर्धारित स्थान पर जीर्णोद्धार के लिए भेजी गई धनराशि से निर्माण कराया जाएगा।
कोतवाली क्षेत्र स्थित चांदेश्वर महाराज मंदिर में जीर्णोद्धार के लिए शासन की ओर से भेजी गई धनराशि से निर्माण होना है। सोमवार को जब ठेकेदार यूकेलिप्टिस के पेड़ कटवा रहा था, तब वहां पहुंचे श्रद्धालु राहुल दुबे व स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया था। विवाद की सूचना मिलने के बाद एसडीएम अभिषेक कुमार, सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पेड़ काटे जाने का विरोध करते हुए निर्माण के लिए दूसरी जगह तय किए जाने की मांग की थी। विवाद को समाप्त करने के लिए बातचीत हुई और फिर निस्तारण हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार लोधी समाज और एक अन्य को कमेटी में स्थान दिया जाएगा। इसके लिए कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया के तहत होगी। मंगलवार को पुलिस की मौजूदगी के बीच ठेकेदार ने परिसर में चिन्हित जगह पर खडे़ यूकेलिप्टिस के पेड़ कटवाए। पेड़ काटे जाने के बाद यहां निर्माण कार्य शुरू होगा।