अछनेरा। गांव कचौरा, बस्तई, मई नानऊ समेत आसपास के गांवों को जोड़ने वाले जर्जर मार्ग की समस्या को लेकर महीनों से संघर्ष कर रहे ग्रामीणों को अब राहत की उम्मीद जगी है। फतेहपुर सीकरी ब्लॉक प्रमुख गुड्डू चाहर ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए अपने निजी कोष से करीब 8 से 10 लाख रुपये की लागत से मार्ग निर्माण शुरू कराया है। कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी है।
ग्रामीणों के अनुसार मार्ग लंबे समय से जर्जर होने के कारण आवागमन में परेशानी होती थी और बरसात में स्थिति और खराब हो जाती थी। कई बार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से मांग के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। अब मार्ग निर्माण से कचौरा, बस्तई, मई नानऊ समेत आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। मार्ग निर्माण को लेकर राजनीतिक खींचतान की चर्चा भी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार एक अन्य कद्दावर नेता की ओर से कार्य के लिए गिट्टी से भरा ट्रक भेजा गया था, लेकिन ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए ट्रक खाली नहीं होने दिया। ग्रामीणों का कहना था कि मार्ग निर्माण का कार्य जिस प्रक्रिया के तहत शुरू हुआ है, उसी के अनुसार पूरा कराया जाए। इस माैके पर गुलाब सिंह, गुड्डू पहलवान, रूपेंद्र, पूर्व प्रधान पौहप सिंह, महावीर सिंह, केके प्रधान, मुनि कचोरा आदि मौजूद रहे।