शिकोहाबाद के एटा रोड स्थित फायर स्टेशन पर पिस्टल साफ करते समय दरोगा से गोली चलने के कारण सिपाही की मौत हो गई। घटना की जानकारी पर एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह, सीओ शिकोहाबाद संजय रेड्डी सहित कई थानों का फोर्स अस्पताल पहुंचा। यहां सिपाही के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
फर्रुखाबाद के थाना गूंथना के गांव अचरोड़ा निवासी शिव कुमार मिश्रा (52) पुत्र लक्ष्मीनरायन मिश्रा शिकोहाबाद थाने में थार मोबाइल पर चालक के पद पर तैनात थे। वहीं अपनी पत्नी सुनीता मिश्रा एवं बेटी रिचा, बेटा शिवम एवं रीशू के साथ शिकोहाबाद के शंकरपुरी मोहल्ला निवासी राजपाल सिंह भदौरिया के मकान में किराए पर रहते थे।
शुक्रवार सुबह घर से ड्यूटी गए थे। थार टीम प्रभारी उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह के साथ चालक शिव कुमार मिश्रा, दो पुलिस के जवान एवं एक महिला सिपाही के साथ एटा रोड पर स्थित फायर ब्रिगेड परिसर में तख्त पर बैठे थे। इसी दौरान दारोगा इंद्रजीत सिंह ने सरकारी पिस्टल को निकाला और सफाई करनी शुरू कर दी।