आगरा में 27 केंद्रों पर दो पालियों में सिपाही भर्ती परीक्षा आयेाजित होगी। इसकी निगरानी बेहद कड़ी होगी। कंट्रोल रूम से परीक्षा हाल लाइव देखा जाएगा। एसटीएफ के रडार पर 58 सॉल्वर हैं।
उत्तर प्रदेश के आगरा में सिपाही भर्ती परीक्षा 23 अगस्त से 27 केंद्रों पर दो पालियों में आयेाजित होगी। इसके लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारी कर ली है। बुधवार को तैयारी का रिहर्सल किया गया। केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से लेस कर दिया गया है। परिसर के साथ ही परीक्षा कक्ष में कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस लाइन में कंट्रोल रूम में कैमरों के फुटेज को लाइव देखा जाएगा, जो भी परीक्षार्थी अनैतिक गतिविधि या नकल करते दिखेंगे। उनकी केंद्र व्यवस्थापक को कंट्रोल रूम से कॉल करके जानकारी दी जाएगी।
विज्ञापन
डीसीपी हेडक्वार्टर सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि ट्रेजरी में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। यहां से प्रश्न पत्र कड़ी सुरक्षा में भेजे जाएंगे। इसके साथ केंद्रों पर भी प्रश्न पत्र एक जगह पर रखे जाएंगे। प्रत्येक केंद्र पर एक केंद्र व्यवस्थापक, एक पुलिस प्रभारी, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और एजेंसी की टीम के प्रभारी के अलावा किसी पर मोबाइल नहीं होगा। परीक्षा कक्ष में कोई भी मोबाइल नहीं ले जा सकेगा। आधार कार्ड बिना वाले परीक्षार्थियों की ई केवाईसी की जाएगी। जिनके पास आईडी नहीं होगी, उन्हें प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षा से दो घंटे से पहले प्रवेश
सुबह 7 बजे केंद्र पर पुलिस पहुंच जाएगी। 10 बजे की परीक्षा के लिए 8 बजे से प्रवेश दिया जाएगा। इस दौरान तीन स्तर पर चेकिंग होगी। प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड दिखाना होगा। अगर, किसी के पास आधार कार्ड नहीं होगा, वह चालक लाइसेंस और पासपोर्ट दिखा सकते हैं।
इनको ई-केवाईसी होने के बाद ही प्रवेश मिलेगा। चेकिंग के लिए 80 अभ्यर्थी के हिसाब से एक की ड्यूटी लगाई गई है। भर्ती बोर्ड की तरफ से 126 हेंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर भेजे गए हैं। इसके अलावा भी पुलिस के पास हैं। इनसे केंद्र पर चेकिंग होगी।
सीओ और इंस्पेक्टर के साथ चार सिपाही करेंगे निगरानी
हर कक्ष में लगाने के लिए 'घड़ी' आ गई हैं। इससे परीक्षार्थियों को समय देखने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव पुलिस लाइन में बने कंट्रोल रूम में दिखेगा। इस पर नजर रखने के लिए एक सीओ, एक इंस्पेक्टर और चार सिपाही लगाए गए हैं। अगर, कोई परीक्षार्थी पीछे मुड़कर भी देखेगा तो कैमरे में नजर आ जाएगा।
पुलिसकर्मी संबंधित केंद्र व्यवस्थापक को सूचना देकर परीक्षार्थी के बारे में बताएंगे। इसके बाद कार्रवाई होगी। पहचान पत्र में किसी तरह की त्रुटि होगी तो उसे परीक्षार्थी की मदद से दूर करने का प्रयास होगा। कक्ष में जिस टेबलेट से फोटो खिंचेगा उसमें भी सिम नहीं होगा। सिर्फ फोटो खींची जा सकेगी।
बंदरों ने तोड़ दिए कैमरे के तार
आरबीएस कॉलेज पर बुधवार को बंदरों ने सीसीटीवी कैमरों के तार तोड़ दिए। इसकी शिकायत मिलने पर सही कराया गया। बुधवार से सभी कैमरों की फीड कंट्रोल रूम को मिलना भी शुरू हो गया।
एसटीएफ ने 58 सॉल्वर को चिह्नित किया है। यह सभी पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए थे। इस पर पुलिस ने सत्यापन किया। यह पता किया गया है कि यह सभी कहां रह रहे हैं। इसके बाद पाबंद करने की कार्रवाई की गई। इन पर थाना पुलिस नजर रख रही है।