आगरा। कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली किरावली स्थित जीएसके इंटर कॉलेज के मैदान में शनिवार को होगी। इसमें प्रदेश स्तर के कई नेता शामिल होंगे। इसके लिए कार्यकर्ताओं ने राजामंडी स्थित कार्यालय में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान महात्मा गांधी की पुण्यतिथि भी मनाई गई।
महानगर अध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि संविधान बचाओ रैली में राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के अलावा प्रदेश के अन्य नेता शामिल होंगे। रैली के लिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी भी तय कर दी है। पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी रैली में शामिल नहीं होंगी। पूर्व में इनके आने का कार्यक्रम था। कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी को नमन किया। कार्यक्रम में सत्येंद्र दुबे, हेमंत चाहर, याकूब शेख, गीता सिंह, ताहिर हुसैन, राजीव गुप्ता, नरेंद्र शर्मा, दिलीप वर्मा, बंटी खान आदि मौजूद रहे।
दो मिनट का रखा मौन
शहर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग ने सुल्तानपुरा क्षेत्र स्थित गांधी प्रतिमा के सामने दो मिनट का मौन रख महात्मा गांधी को नमन किया। अध्यक्ष बशीर उल हक रॉकी ने कहा कि महात्मा गांधी ने ताउम्र भाईचारे के लिए कार्य किया। कार्यक्रम में मोहम्मद हनीफ, चांदी कुरैशी, आदिल अहमद, ऋषि गुप्ता, राहुल सोनकर, मोनू सक्सेना आदि मौजूद रहे।