आगरा में प्रेसवार्ता करतीं महिला कांग्रेस की नेता
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में कांग्रेस के 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' कार्यक्रम में पार्टी राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा कि प्रदेश की जनता पुराने जख्मों को भूली ही नहीं है। उन्होंने हाथरस कांड और उन्नाव की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं ने महिलाओं के साथ क्या व्यवहार किया, यह सब आप जानते हैं। इन सब जख्मों का हिसाब लेना है।
लांबा ने कहा कि कांग्रेस ने ही घरेलू हिंसा रोकने के लिए कानून बनाया। कांग्रेस ने आधी आबादी को सत्ता में स्थान दिलाने के लिए 33 फीसदी आरक्षण दिया। शहर के सूरसदन प्रेक्षागृह में 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेटा डिसूजा और अलका लांबा ने महिलाओं से संवाद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेटा डिसूजा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर प्रियंका गांधी महिलाओं से किये वायदे निभाएंगी। जुमलेबाजी से लोग तंग आ चुके हैं। महंगाई से महिलाएं परेशान हैं। अब जनता बदलाव चाहती है।