मैनपुरी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी के निर्देश पर शनिवार को आगरा रोड स्थित एक मैरिज होम में कांग्रेस पदाधिकारियों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण से पराक्रम के तहत कांग्रेस विजय निर्माण सेना के गठन पर जोर दिया गया। छत्तीसगढ़ से प्रशिक्षण लेकर लौटे छह मास्टर ट्रेनर ने पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया। मास्टर ट्रेनर हर्ष बिसारिया ने कहा कि पुरानी परंपरा भूलने से कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में नुकसान हुआ है। बूथ मजबूत होने पर ही कांग्रेस प्रदेश में अपने दम पर पूर्ण बहुमत की सरकार बना सकेगी।
मास्टर ट्रेनर शरद उपाध्याय नंदा ने कहा पदाधिकारी बूथ तक जाएं। लोगों से सीधा संवाद करें। कांग्रेस शासन की उपलब्धियां गिनाकर भाजपा सरकार की नाकामियों को लोगों को बताएं। विरोधी दलों का हर हाल में दुष्प्रचार रोकें। मास्टर ट्रेनर अजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के युवा साथ पार्टी का इतिहास भूल चुके हैं। उनको पार्टी का इतिहास, पार्टी नेताओं द्वारा आजादी आंदोलन से लेकर अब तक देश के विकास में किए गए योगदान की जानकारी दी जाए। मास्टर ट्रेनर अभिमन्यू त्यागी ने कहा कि पदाधिकारी पुरानी पंरपरा का पालन करें। मतदान से पूर्व घर घर जाकर लोगों को मतदाता पर्ची दें। जिससे मतदाता कांग्रेस की पहचान कर सकें। मास्टर ट्रेनर विशनू शर्मा ने कहा पदाधिकारियों को अब गंाव गांव जाना होगा। कांग्रेस की नीतियां लोगों को बताकर उनसे सीधा संवाद करना होगा। जो ऐसा नहीं करेगा उसको जिम्मेदारी से हटा दिया जाएगा। मास्टर ट्रेनर शत्रुघन चौहान ने कहा कि विरोधी दलों का दुष्प्रचार रोककर उनको उसी भाषा में जवाब दें। लोग कांग्रेस को नहीं भूले हैं बल्कि पदाधिकारी ही पद लेकर उदासीन हो चुके हैं।
----------
पदाधिकारियों ने संभाली व्यवस्था
प्रशिक्षण से पराक्रम के तहत कांग्रेस विजय निर्माण सेना के गठन के तहत हुए कार्यक्रम में प्रदेशीय पदाधिकारियों ने व्यवस्था संभाली।
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अनिल यादव, कौशलेंद्र सिंह यादव के अलावा प्रदेश महासचिव प्रकाश प्रधान भी मौजूद रहे। मास्टर ट्रेनर ने प्रदेशीय पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं सहित जिला स्तरीय पदाधिकारियों को चुनाव से पूर्व सक्रिय करने के निर्देश दिए।
--------
झंडारोहण से शुरू हुआ कार्यक्रम
कांग्रेस पदाधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण झंडारोहण से शुरू हुआ। राष्ट्रगान के बाद प्रभातफेरी निकाली गई। कांग्रस के पदाधिकारी तिरंगा हाथों में लेकर मैरिज होम से शुरू हुई प्रभात फेरी में भीमसेन मंदिर, संतोषी माता मंदिर, बड़ी खानकाह, आगरा रोड होते हुए मैरिज होम पहुंचे। मैरिज होम में मास्टर ट्रेनर ने पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया।
----------
यह लोग रहे मौजूद
प्रशिक्षण में जिलाध्यक्ष विनीता शाक्य, शहर अध्यक्ष अजय दुबे, महिला जिलाध्यक्ष रीता नैयर, युवा जिलाध्यक्ष अमित यादव, सेवादल अध्यक्ष सुरेश राठौर, पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ, संकाच गौड़, मनोज कुमार शाक्य, अरविंद तिवारी, पूरनचंद्र चतुर्वेदी, भीमसेन कठेरिया, शैली शिवहरे, मनोज चतुर्वेदी, अनिल पालीवाल, अरविंद यादव, कैलाश उपाध्याय, चंद्रप्रकाश दुबे, राजवीर सिंह चौहान मौजूद रहे।