पूर्व विधायक प्रदीप माथुर के आवास पर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार उर्फ लल्लू
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश में प्रवासी मजदूरों के लिए कांग्रेस सरकार द्वारा बसें भेजने का मुद्दा तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को राजस्थान सीमा पर खड़ी बसों को उत्तर प्रदेश में प्रवेश नहीं मिलने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार उर्फ लल्लू ने योगी सरकार पर तीखे प्रहार किए।
मथुरा में कांग्रेस के पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता प्रदीप माथुर के आवास पर मंगलवार को पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार जनता को भ्रमित कर रही है। 1000 बस भेजने के कांग्रेस के प्रस्ताव पर तत्काल निर्णय नहीं लिया गया। सोमवार देर रात निर्णय लिया और मंगलवार सुबह बस भेजने के लिए कहा गया। सरकार को बसें लखनऊ में चाहिए।
ये भी पढ़ें: राजस्थान सीमा पर खड़ीं कांग्रेस की बसें, अफसरों की अनुमति का इंतजार
जब कांग्रेस द्वारा भेजी गई राजस्थान की बसें मथुरा की सीमा पर पहुंच गईं तो उन्हें लेने से इनकार कर दिया गया। अब जनता को यह दिखाने का प्रयास किया जा रहा है कि कांग्रेस वादा करने के बाद भी बसें नहीं भेज रही हैं। इस तरह उत्तर प्रदेश सरकार जनता को भ्रमित कर रही है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार उर्फ लल्लू बसों को लेकर मचे घमासान के बाद मंगलवार को मथुरा पहुंचे हैं और पार्टी के नेताओं से बातचीत कर रहे हैं।