फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान के कांग्रेस विधायक का 9वीं कक्षा का प्रमाणपत्र निकला फर्जी, दर्ज होगी एफआईआर

Tue, 15 Jan 2019 07:13 PM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा - फोटो : फेसबुक
विज्ञापन

राजस्थान के धौलपुर जिले की बाड़ी विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह का कक्षा नौ का प्रमाणपत्र फर्जी पाया गया है। उन्होंने इसी प्रमाणपत्र के आधार पर डीएवी इंटर कॉलेज, मोतीकटरा, आगरा से व्यक्तिगत विद्यार्थी के रूप में हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की। 

विज्ञापन


जांच में फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने गिर्राज सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। धौलपुर के पार्वती सदन जीटी रोड निवासी जसवंत सिंह गुर्जर ने दो जनवरी, 2019 आगरा में जिला विद्यालय निरीक्षक के यहां गिर्राज सिंह के प्रमाणपत्र फर्जी होने की शिकायत की थी। 

इसके आधार पर जांच कराई गई। इसमें पाया गया कि गिर्राज सिंह पुत्र छोटेलाल ने हाईस्कूल की परीक्षा वर्ष 2016 में (रोल नंबर - 4001843) डीएवी इंटर कॉलेज, मोतीकटरा से कक्षा नौ के फर्जी प्रमाणपत्र लगाकर उत्तीर्ण की है। 

विज्ञापन

फर्जी मार्कशीट लगाकर पास किया हाईस्कूल

जिला विद्यालय निरीक्षक ने शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी, धौलपुर को पत्र भेजा। उसकी प्रतिलिपि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, निधारा, बाड़ी के प्रधानाचार्य को भेजी गई।

यह जानकारी मांगी गई कि वर्ष 1990-91 में विद्यालय में माध्यमिक स्तर की कक्षाएं संचालित थी या नहीं। प्रधानाचार्य ने रिपोर्ट दी है कि संबंधित वर्ष में विद्यालय में माध्यमिक स्तर की कक्षाएं संचालित नहीं थीं।

विद्यालय में वर्ष 2009-10 से माध्यमिक स्तर की कक्षाएं संचालित हुई हैं। उच्च माध्यमिक स्तर पर सत्र 2015-16 से कक्षाएं प्रारंभ हुईं। इस पर माना गया कि गिर्राज सिंह ने कक्षा नौ के फर्जी कागजात लगाकर हाईस्कूल की व्यक्तिगत परीक्षा उत्तीर्ण की है।
विज्ञापन

एफआईआर दर्ज कराने के आदेश

जिला विद्यालय निरीक्षक ने डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को गिर्राज सिंह के खिलाफ फर्जी प्रमाणपत्र बनाने, अनुचित लाभ के लिए प्रस्तुत करने, सरकार के पारदर्शी व स्वच्छ परीक्षा कराने के कार्य में बाधा डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। प्रतिलिपि धौलपुर के जिला शिक्षा अधिकारी और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, निधारा के प्रधानाचार्य को भी दी गई है। 

इस संबंध में डीएवी इंटर कॉलेज की  प्रधानाचार्या सुमन देवी ने बताया कि ‘डीआईओएस के आदेश पर थाना एमएम गेट और एसएसपी को गिर्राज सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर रजिस्ट्री कर दी है।

विधायक बोले मामला जानकारी में नहीं

उधर, बाड़ी के कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा ने बताया कि ऐसा कोई मामला उनकी जानकारी में नहीं आया है। ऐसे कुछ नहीं बता सकते। कुछ सामने आएगा, तब जवाब दे देंगे। मामला सामने आने पर उचित कदम उठाएंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें