फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छह सीटों पर सपा लड़ेगी, तीन पर कांग्रेस

Mon, 23 Jan 2017 01:04 AM IST
छह सीटों पर सपा लड़ेगी, तीन पर कांग्रेस
विज्ञापन
election
विज्ञापन

विज्ञापन
सपा और कांग्रेस में गठबंधन का एलान होते ही आगरा की सीटों का बंटवारा भी हो गया। नौ में से छह पर सपा लड़ेगी और तीन पर कांग्रेस। इसी के साथ कांग्रेस ने तीनों पर अपने उम्मीदवारों का एलान भी कर दिया। इनमें दक्षिण सीट पर नजीर अहमद को उतारा गया है। उनका नाम इसलिए चौंका रहा है क्योंकि दो दिन पहले सपा ने भी उन्हें इसी सीट से प्रत्याशी बनाया था।
कांग्रेस को दक्षिण के अतिरिक्त आगरा ग्रामीण और खेरागढ़ सीट मिली है। ग्रामीण से उपेंद्र सिंह जाटव को टिकट दिया गया है। खेरागढ़ से कुसुमलता दीक्षित को प्रत्याशी बनाया गया है। नजीर 2012 में भी दक्षिण सीट से कांग्रेस के टिकट पर तीसरे नंबर पर रहे थे। उन्हें 39815 वोट मिले थे। उपेंद्र आगरा ग्रामीण पर ही कांग्रेस प्रत्याशी थे। वह भी तीसरे स्थान पर रहे थे। उन्हें 38712 वोट मिले थे। खेरागढ़ सीट पर उम्मीदवार बनाई गई कुसुमलता दीक्षित हाल ही में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए केशव दीक्षित की पत्नी हैं।
विज्ञापन

2012 के चुनाव में कांग्रेस का रालोद के साथ गठबंधन था। तब पांच पर रालोद और चार पर कांग्रेस लड़ी थी। रालोद प्रत्याशी एत्मादपुर, फतेहपुर सीकरी, फतेहाबाद, खेरागढ़ और बाह से उतरे थे। कांग्रेस  छावनी, दक्षिण, उत्तर और ग्रामीण पर लड़ी थी। सपा के साथ गठबंधन में कांग्रेस को उत्तर सीट नहीं मिली है। कांग्रेस ने सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की थी। छह सीटों पर उसके टिकट दावेदारों में मायूसी है। इनमें से कई रालोद का दामन थाम सकते हैं। बताया जा रहा है कि वे रालोद के संपर्क में भी हैं।
उत्तर पर चल रहा मंथन
आगरा। सीटों का बंटवारा हो जाने के बावजूद उत्तर सीट पर सपा और कांग्रेस के बीच बातचीत चल रही है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस ने इस सीट पर दावा कर रखा है। फार्मूला बताया गया है कि यहां से सपा प्रत्याशी को ही कांग्रेस का सिंबल दे दिया जाए। बता दें 2012 के चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस को सपा से ज्यादा वोट मिला था। तब कांग्रेस के सुमित विभव तीसरे नंबर पर रहे थे। उन्हें वोट मिले थे 38258 जबकि सपा के अभिनव शर्मा चौथे स्थान पर रहे थे। उन्हें वोट मिले थे 29499।
विज्ञापन


गठबंधन की भेंट चढ़े अमर सिंह और राकेश
आगरा। सपा-कांग्रेस गठबंधन में सपा के दो प्रत्याशी भेंट चढ़ गए हैं। जिले की नौ विधानसभा सीटों में से तीन कांग्रेस के खाते में दी गई हैं। ऐसे में सपा ने खेरागढ़ से पार्टी प्रत्याशी पूर्व विधायक अमर सिंह परमार और ग्रामीण से प्रत्याशी राकेश धनगर की टिकट काट दी है।  टिकट काटे जाने वाले दोनों प्रत्याशी नाराज हैं। राकेश आज (सोमवार) को कोई अहम फैसला ले सकते हैं।  बता दें कि फतेहाबाद के ब्लॉक प्रमुख राकेश धनगर सोमवार को नामांकन की तैयारी कर रहे थे। मगर, इससे पहले ही उन्हें टिकट कट जाने की जानकारी मिली। ऐसे में उनका कहना है कि सपा में उनकी पूरी निष्ठा है लेकिन अंतिम निर्णय वह समर्थकों के साथ विचार-विमर्श के बाद ही लेंगे। इधर, अमर सिंह परमार ने सपा से दूरी बना ली है। उनका कहना है कि उन्होंने सपा की सदस्यता ही नहीं ली थी। टिकट कट जाने के बाद अब वह किसी पार्टी में नहीं जाएंगे। समाज में सक्रिय रहेंगे। बता दें कि अमर सिंह परमार भाजपा से टिकट न मिलने से नाराज हो गए थे। इसी बीच सपा से संपर्क साधा था और पार्टी ने उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें