-कबड्डी, खो-खो और दौड़ प्रतियोगिताओं में मारी बाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज। सिढ़पुरा के पार्वती राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर सोमवार को न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता 6 से 14 वर्ग के परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच आयोजित हुई। इसमें खो-खो, कबड्डी और दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने प्रतिभाग लिया।
खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र अहिरवार के निर्देशन में संपन्न हुई इस प्रतियोगिता में कंपोजिट स्कूल मेमड़ा के छात्र-छात्राओं का दबदबा देखने को मिला। मेमड़ा के छात्र-छात्राओं ने लगभग सभी प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त कर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
खो-खो में जूनियर स्तर पर बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में मेमड़ा की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी तरह कबड्डी में भी मेमड़ा ने बालक व बालिका वर्ग ने जीत का परचम लहराया। दौड़ प्रतियोगिताओं में भी मेमड़ा के धावकों ने बाजी मारते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्राथमिक स्तर पर भी मेमड़ा ने अपना जलवा कायम रखा। खो-खो, कबड्डी और दौड़ तीनों ही खेलों में कंपोजिट स्कूल मेमड़ा के खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। प्रतियोगिता के आयोजन में ब्लॉक पीटीआई भारतेंदु कुमार, टीम लीडर मेमड़ा अवधेश कुमार, अनुदेशक राहुल, अशोक और मनीष का विशेष योगदान रहा। इस दौरान न्याय पंचायत के सभी विद्यालयों के टीम लीडर और शिक्षक भी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय रजमऊ, ताजपुर, नई हरचंदी, दहेली बुजुर्ग, सिढ़पुरा प्रथम, सिढ़पुरा द्वितीय, उच्च प्राथमिक विद्यालय सिढ़पुरा प्रथम व द्वितीय, कंपोजिट विद्यालय चांदपुर और मेमड़ा के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।