एटा। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को डीएम अंकित अग्रवाल की अध्यक्षता में शासन के नवीन 37 प्राथमिकता बिंदुओं पर समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने कहा कि योजनाओं, विकास कार्यक्रमों का धरातल पर सफल क्रियान्वयन किया जाए। सीएमओ रिक्त पदों के सापेक्ष शासन को पत्र भेजें, जिससे चिकित्सकों सहित अन्य स्टाफ की कमी को दूर किया जा सके।
डीएम ने कहा कि निर्माणाधीन हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर का कार्य जल्द पूरा कर हैंडओवर किया जाए। संस्थागत प्रसव में तेजी लाते हुए जेएसवाई भुगतान की प्रगति में स्वास्थ्य विभाग सुधार करे। लोक निर्माण विभाग, आरईडी जनपद में नई आवंटित सड़कों के निर्माण कार्य में तेजी लाएं। पंचायती राज विभाग जिले में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्वयं सहायता समूहों को शौचालय हैंडओवर कर उनको समय से भुगतान करें।
डीएम ने निर्देश दिए कि ऑपरेशन कायाकल्प के तहत जनपद के 1691 विद्यालयों में से अभी तक सिर्फ 703 विद्यालयों में कार्य पूरा हुआ है। शेष सभी विद्यालय भी निर्धारित मानक के अनुरूप जून के अंत तक सौ फीसदी कार्य पूरा करेंगे। मालगोदाम रोड पर सीवरेज कार्य में आ रही रुकावटों को ईओ नगर पालिका द्वारा दूर किया जाए जिससे कि समय से सीवरेज कार्य पूरा हो सके। मुख्य विकास अधिकारी अजय प्रकाश ने कहा कि इस बार वृहद रूप से पौधरोपण कार्यक्रम किया जाएगा।
बैठक में डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह, सीएमओ डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी, सीएमएस डॉ. अशोक कुमार, पीडी डीआरडीए निर्मल कुमार द्विवेदी, सीवीओ एसपी सिंह, डीएसटीओ रमेश चंद्र, डीपीआरओ आलोक कुमार प्रियदर्शी, बीएसए संजय सिंह, डीपीओ संजय कुमार सिंह, डीएसओ राजीव कुमार मिश्र, अधिशासी अभियंता जल निगम एएस भाटी, अधिशासी अभियंता सिंचाई अजय कुमार भारती, समस्त खंड विकास अधिकारी रहे।