आगरा और मथुरा में संचालित महानगर बसों की लोकेशन अब मोबाइल से पता चल जाएगी। बस स्टाप पर बसों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मंडलायुक्त अनिल कुमार ने ‘चलो एप’ को लांच किया है। आगरा और मथुरा में 230 बसें संचालित की जा रही हैं।
एमजी रोड स्थित होटल में आयोजित कार्यक्रम में मंडलायुक्त ने बताया कि सिटी ट्रांसपोर्ट को और सुविधाजनक बनाने की दृष्टि से इस एप को लांच किया गया है। यात्री अपने मोबाइल पर इस एप को प्ले स्टोर से नि:शुल्क डाउनलोड कर सकते हैं।
महानगर बस सेवा के एमडी आरबीएल शर्मा ने बताया कि एप की अवधारणा अर्बन मास ट्रांजिट कंपनी लिमिटेड (यूएमटीसी) और सिटी बस प्रशासन ने मिलकर तैयार की। इसमें सभी बसों को जीपीएस से लैस किया गया है। इसमें बसों की पोजिशन जान सकेंगे। इस मौके पर रोडवेज के आरएम मनोज त्रिवेदी, आरटीओ अनिल कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।