मैनपुरी। बृहस्पतिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचे एक कॉलेज के संचालक ने कार्यालय में जमकर हंगामा काटा। जिला विद्यालय निरीक्षक के साथ अभद्रता की। डीआईओएस की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, इससे पहले संचालक वहां से भाग चुका था।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने पहली बार प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए केंद्र निर्धारित किए हैं। सूत्रों के अनुसार किशनी क्षेत्र के एक कॉलेज के संचालक ने बृहस्पतिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा को फोन कर प्रयोगात्मक परीक्षा में उसके कॉलेज को केंद्र बनाने की बात कही। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जब कहा कि बोर्ड से केंद्र का ऑनलाइन निर्धारण हुआ है। अलग से कोई केंद्र नहीं बनाए जा रहे हैं। इस पर कॉलेज संचालक ने सत्ताधारी दल के एक नेता के घर आने के लिए कहा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जब वहां आने से मना कर दिया तो कॉलेज संचालक दोपहर करीब दो बजे जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर पहुंच गया। जिला विद्यालय निरीक्षक के साथ अभद्रता करते हुए कार्यालय में जमकर हंगामा काटा। अभद्रता देख जिला विद्यालय निरीक्षक ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाल अनिल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए लेकिन तब तक कॉलेज संचालक जा चुका था। जिला विद्यालय निरीक्षक ने पूरे मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। करीब आधा घंटे तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में अफरातफरी का माहौल रहा। घटना के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। हालांकि देर रात तक उन्होंने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी थी।
जिला विद्यालय निरीक्षक की सूचना पर पुलिस के साथ मैं उनके कार्यालय पहुंचा था। बताया गया कि एक कॉलेज संचालक ने यहां आकर हंगामा काटा है। मेरे पहुंचने से पहले ही वह वहां से जा चुका था। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलेगी तो संबंधित पर कार्रवाई होगी।
अनिल सिंह, कोतवाल मैनपुरी