पहाड़ों पर भारी बर्फबारी के बाद मैदानों में चल रही उत्तर-पश्चिमी सर्द हवा ने ताजनगरी के लोगों को परेशान कर दिया है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे 7.6 पर आ गया। हालांकि पिछले साल 11 जनवरी को यह और कम 5.7 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक तापमान में और कमी आने के आसार जताए हैं। कोहरा छाएगा। लेकिन इस मौसम में जुकाम और खांसी के मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
चिकित्सकों के पास मरीज शिकायत लेकर आ रहे हैं कि खांस-खांसकर बुरा हाल हो गया है, गले में खराश है, सर्दी लगने से कान भी गुम हो गए हैं। सिर और आंखों में भी दर्द हो रहा है। सर्द हवा चलने से ऐसी परेशानी के मरीज ओपीडी में सबसे ज्यादा आए। दवा देने के साथ डॉक्टर मरीजों को सावधानी बरतने की भी हिदायत दे रहे हैं।
आगरा का एक ऐसा गांव जो 60 साल बाद फिर से सुर्खियों में, अमेरिकी राष्ट्रपति डी.आइजनहॉवर की यादें हुईं ताजा
एसएन मेडिकल कॉलेज में सोमवार को मेडिसिन विभाग में 273 मरीज पहुंचे। विभागाध्यक्ष डॉ. टीपी सिंह ने बताया कि ठंडी हवा चलने से 180 से अधिक मरीजों को वायरल फीवर, जुकाम-खांसी, सीने में जकड़न की परेशानी मिली। इनको सर्दी से बचने के साथ गुनगुना पानी पीने, भाप लेने और हर्बल चाय, दूध और गर्म तासीर वाला भोजन करने की सलाह दी गई है।