ताजनगरी में 48 घंटे से कोल्ड डे कंडीशन बनी हुई है। रविवार की तरह सोमवार को भी सूरज बादलों की ओट में छिपा है। सर्द हवा से हाड़ तक कांपने लगे हैं। शीतलहर और गलन से हाथ-पैर सुन्न हो रहे हैं। पारा गिरकर पांच डिग्री पर पहुंच गया है। अधिकतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया है। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस कम 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक, अगले दो दिन कोल्ड डे कंडीशन बनी रहेगी।
सोमवार को सुबह से ही कोहरा छाने के बाद बादल छा गए। सर्द हवा का सिलसिला भी चलता रहा। दोपहर तीन बजे तक सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। इससे दिन के तापमान में भी बढ़ोतरी नहीं हो सकी। सर्द हवा के संपर्क में आने पर नाक लाल हो गई तो हाथ भी सुन्न पड़ने लगे।
रविवार रात में शीतलहर चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस कम 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 22 जनवरी तक सुबह और रात को कोहरा छा सकता है।