छात्र-छात्राओं की फीस लेकर कोचिंग संचालक लापता हो गया। कोचिंग पर ताला देखा तो छात्र हैरान रह गए। इसके बाद अभिभावकों और छात्रों ने थाने पहुंचकर हंगामा कर दिया।
एक कोचिंग संचालक 12 से अधिक छात्र-छात्राओं की फीस जमाकर लापता हो गया। कोचिंग पर ताला बंद है। अभिभावकों ने रविवार को ट्रांस यमुना थाने पर करीब एक घंटे तक हंगामा किया।
विज्ञापन
फाउंड्री नगर निवासी रामनरेश समेत अन्य अभिभावकों ने आरोप लगाया कि इस्लाम नगर निवासी एक युवक टेढ़ी बगिया और ट्रांस यमुना क्षेत्र में दो कोचिंग चलाता है। इसमें शिक्षिका भी पढ़ाती थी। उनसे एक साल की फीस जमा कराई गई थी। चार दिन पहले छात्र-छात्राएं पढ़ने गए तो कोचिंग पर ताला लगा मिला।
संचालक को फोन किया लेकिन रिसीव नहीं हुआ। बाद में पता चला कि शिक्षिका भी नहीं आ रही है। उनके घरवालों ने गुमशुदगी दर्ज कराई है। कोई जानकारी नहीं मिलने पर छात्र देवांश चौहान, हिमांशु बघेल, अंशुल, अविनाश, समीर शर्मा, नरहरी, अक्षय कुमार आदि रविवार को थाना ट्रांस यमुना पहुंचे। उन्होंने कोचिंग संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसीपी छत्ता पियूष कांत राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।