मैनपुरी। सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने बृहस्पतिवार को करहल क्षेत्र में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गांव सुल्तानपुर पहुंचकर लोगों के साथ बैठक की और उन्हें स्वच्छता के प्रति सचेत किया। सीएमओ ने कहा कि बीमारियों से बचाव के लिए अपने आसपास सफाई पर विशेष ध्यान दें।
सीएचसी करहल के ग्राम सुल्तानपुर पहुंचकर सीएओ ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान की प्रगति देखने के लिए औचक निरीक्षण किया। गांव में पंचायतीराज विभाग के कार्य और आशा की विजिट संतोषजनक पाई गई। प्राइमरी स्कूल सुल्तानपुर पर एक बैठक का आयोजन किया गया। डॉ. वीपी सिंह ने संचारी रोग में आशा की भूमिका के बारे में बताया। प्रभारी जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी रविंद्र सिंह गौर ने आशा की ओर से चिह्नित संभावित मरीजों की एंट्री ई कवच पोर्टल पर कराने की सलाह दी। डीएमसी यूनिसेफ संजीव पांडेय ने टीकाकरण के बारे में बताया। सीएमओ ने कहा कि समस्त चिकित्सा अधीक्षक और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी क्षेत्र में जाकर आशाओं की ओर से किए गए कार्य का सत्यापन करें और ग्रामीणजनों को बीमारियों से बचाव की जानकारी दें। इस मौके पर प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार, बबीता देवी, आशा नीलम, आशा संगिनी आदि उपस्थित रहे।