जन्माष्टमी पर वृंदवान आए सीएम योगी ने कहा कि श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर निर्माण में किसी को उजाड़ा नहीं जाएगा। सीएम बोले कि श्रद्धालु हो या स्थानीय निवासी, सबको सुविधा, सबकी सुरक्षा, सबका सम्मान सरकार सुनिश्चित करेगी।
वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर निर्माण में किसी को उजाड़ा नहीं जाएगा। श्रद्धालु हो या स्थानीय निवासी, सबको सुविधा, सबकी सुरक्षा, सबका सम्मान सरकार सुनिश्चित करेगी। दो दिवसीय मथुरा दौरे पर आए सीएम ने सोमवार को अधिकारियों के समक्ष यह बातें कानून व्यवस्था व विकास कार्यों की समीक्षा में रखीं।
विज्ञापन
सीएम ने पहली बार कॉरिडोर के निर्माण पर खुलकर अपनी बात रखी है। प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि सरकार अब जल्द ही निर्माण शुरू कराना चाहती है। जन्माष्टमी के अवसर पर दो दिवसीय दौरे पर आए सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को यहां से रवानगी से पूर्व कानून व्यवस्था व विकास कार्यों की समीक्षा की। श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस संबंध में सभी पक्षों से बातचीत की जाए। सभी को आश्वस्त करें। किसी को भी उजाड़ा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी से बातचीत के आधार पर लोगों की आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए पुनर्वास की ठोस कार्य योजना बनाएं। इधर, ब्रजवासियों की दुखती रग मथुरा की टूटी सड़कों का भी सीएम योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र में कहीं भी कोई टूटी सड़क न हों। ब्रज चौरासी कोस और गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर स्वच्छता का ध्यान रखें।
श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए सीएम ने कहा कि मथुरा-वृंदावन परिक्षेत्र में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन हो रहा है। साल-दर-साल इसमें बढ़ोतरी हो रही है। सभी श्रद्धालु सुविधाओं को बेहतर बनाया जाना आवश्यक है। व्यवस्था ऐसी हो जिससे यहां से लौटने वाले श्रद्धालु सुखद अनुभव ले कर जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। अयोध्या, मथुरा-वृंदावन, काशी, प्रयागराज, इसके महत्वपूर्ण केंद्र हैं। बीते 7 वर्षों में यहां व्यापक परिवर्तन हुआ है। पर्यटकों का आवागमन बढ़ा है। यह इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिला है। अगले वर्ष प्रयागराज महाकुंभ का आयोजन है। करोड़ों लोगों का आगमन होगा। मथुरा-वृंदावन में भी लोग आएंगे।
सीएम ने कहा मथुरा-वृंदावन में श्रद्धालुओं-पर्यटकों से जुड़ी सेवाओं को और बेहतर बनाएं। पूरे ब्रजमंडल में कोई स्थानीय निवासी हो, पर्यटक व श्रद्धालु, हर किसी की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है। पूरे नगर निगम क्षेत्र को जल्द सेफ सिटी के रूप में विकसित करें। इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को प्रभावी बनाएं। यहां अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था और प्रभावी बनाएं। साथ ही मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में स्वच्छता के लिए अतिरिक्त मैनपॉवर की तैनाती करें। कूड़ा प्रबंधन के लिए प्रयागराज कुंभ की तर्ज पर बेहतर प्रयासों करें।
ठेला वालों को व्यवस्थित करें, वेंडिंग जोन बनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि मथुरा में स्ट्रीट लाइट एवं सजावट बेहतर होनी चाहिए। प्रमुख मार्गों एवं स्थलों पर सोलर पैनल युक्त स्ट्रीट लाइटिंग व्यवस्था करें। ठेला, रेहड़ी पटरी व्यवसायियों को व्यवस्थित किया जाए। वेंडिंग जोन बनाए जाएं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पाइप्ड पेयजल की व्यवस्था करें। ब्रज तीर्थ विकास परिषद, नगर निगम, पुलिस एवं विकास प्राधिकरण पार्किंग बढ़ाने के लिए प्रयास करें। अधिकाधिक मल्टीलेवल पार्किंग बनाए। पार्किंग में कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाएं, जिसमें दुकानें हों। लोगों से संवाद करें और उन्हें दुकानें आवंटित करें। इससे आय भी होगी और ट्रैफिक की समस्या से भी निदान मिलेगा। बैठक में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।