मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ टूंडला विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के समर्थन में 22 अक्तूबर को बीरी सिंह महाविद्यालय के मैदान पर चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसे लेकर तैयारियां जोरों से की जा रही हैं। मुख्यमंत्री शाम करीब सवा चार बजे सभा स्थल पर पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री योगी के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। अधिकारी व्यवस्थाओं को पूरा कराने में जुटे हैं। मंगलवार को नगर पालिका चेयरमैन रामबहादुर चक ने ईओ मुकेश कुमार के साथ पहुंचकर कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पालिका कर्मियों से मैदान की साफ-सफाई के साथ ही समतलीकरण कराया गया।
नगर पालिका टूंडला के ईओ मुकेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा को लेकर मैदान की पूरी तरह से साफ-सफाई कराई गई। इसके साथ ही मैदान को जेसीबी की सहायता से समतल किया गया। हेलीपैड पर उग आई घास को साफ किया गया।
बुधवार को उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा टूंडला में
मुख्यमंत्री योगी की चुनावी सभा से पहले बुधवार को उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल टूंडला आ रहे हैं। वे जनसभा की व्यवस्थाएं देखने के साथ ही स्टेशन रोड स्थित रॉयल गार्डन में उपचुनाव को लेकर बूथ अध्यक्षों और सेक्टर संयोजकों, सेक्टर प्रभारियों, सेक्टर प्रभारियों आदि की बैठक को लेंगे।