क्लर्क फाइलें न खो सकेंगे, न रोक सकेंगे
नगर निगम की सभी सेवाएं ऑनलाइन करने के साथ ई-ऑफिस की व्यवस्था शुरू की गई है। मंगलवार शाम को नगर आयुक्त निखिल टी फुंडे ने इसका लोकार्पण किया। इस व्यवस्था में फाइलों के खोने की समस्या नहीं रहेगी। क्लर्क अपने पास तय समय से ज्यादा फाइल रोक भी नहीं सकेंगे।
नगर आयुक्त ने बताया कि इससे समय की बचत होगी। कागज का उपयोग कम होने से आर्थिक बचत भी होगी। एक क्लिक पर पूरी जानकारी मिल पाएगी। कर्मचारी तेजी से काम कर सकेंगे। यूपी डेस्को ने 3.50 लाख फाइलों को डिजिटलाइज्ड कर दिया है। फाइलों के गुम होने या फिर घर ले जाने की प्रवृत्ति पर रोक लगेगी। निगम में ई-मेजरमेंट बुक की शुरुआत हो चुकी है।
उपमुख्यमंत्री ने किया 119 कार्यों का शिलान्यास
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को आगरा में 119 सड़क, सेतु, भवन निर्माण कार्यों का शिलान्यास व 137 सड़कों का लोकार्पण लखनऊ से वर्चुअल किया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कचरे को समाप्त कर उसका इस्तेमाल सड़क बनाने में किया जा रहा है। पहले चरण में प्रदेश में 1500 किमी. लंबाई में सड़क प्लास्टिक से बनाई जा रही हैं।
सर्किट हाउस में हुए वर्चुअल समारोह में उपमुख्यमंत्री ने 78 किमी लंबाई में बाह, खेरागढ़, फतेहपुर सीकरी, एत्मादपुर, फतेहाबाद, ग्रामीण क्षेत्रों में 26.73 करोड़ रुपये की लागत से बनीं 119 सड़कों का शिलान्यास किया है। वहीं नौ विधान सभा क्षेत्र में 215 किमी लंबाई की 137 सड़कों का लोकार्पण किया। इनकी लागत 44.11 करोड़ रुपये होगी।