मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुबह 11 बजे 'भारत के मन की बात' अभियान के अंतर्गत युवाओं के साथ प्रत्येक लोकसभा में एक टाऊन हाल कार्यक्रम करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की ओर से शुरू किए गए भारत के मन की बात अभियान से युवाओं के मन की बात जानने और उनकी आशाओं व अपेक्षाओं को भाजपा के संकल्प पत्र का आधार बनाना है।
भाजपा ब्रज क्षेत्र मीडिया संपर्क प्रमुख केके भारद्वाज ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी को सुबह 11 बजे आईईटी कॉलेज लखनऊ से युवाओं को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के द्वारा प्रदेश के 2 लाख से अधिक युवा सीधे संवाद में मुख्यमंत्री से जुड़ेंगे।
मेरठ में आईआईएमटी गंगानगर, आगरा में आगरा कॉलेज, गोरखपुर में सरस्वती विद्या मंदिर डिग्री कॉलेज, कानपुर में बीएसएसडी कॉलेज और वाराणसी में यूपी कॉलेज भोजूवीर के छात्र इसमें सीधे मुख्यमंत्री को अपने सुझाव देंगे और सवाल पूछेंगे। इन स्थानों के अलावा कार्यक्रम को 74 लोकसभा क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर प्रसारित किया जाएगा। जहां उन शहरों के युवा इसे लाइव देखेंगे।