कासगंज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज के पटियाली में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जनसभा के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले प्रदेश में गुंडाराज कायम था, जिसके चलते पर्व-त्योहार शांति से नहीं मना सकते थे। लेकिन पांच साल में सरकार ने कानून व्यवस्था कायम की है। प्रदेश में नौजवानों को रोजगार मिला है। प्रदेश के हर जनपद को पहचान मिली है। आज बहन, बेटी सब सुरक्षित हैं। पहले की सरकारों ने आतंकवादी हमले करने वालों के मुकदमे वापस लिए, लेकिन हमारी सरकार ने पहला काम अन्नदाता किसान के हित में किया। 84 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया। अवैध भूचड़खाने बंद कराए। बेटियों को सुरक्षा दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भारत रत्न लता मंगेशकर की स्मृति में मुख्य चौराहे का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा। प्रदेश के नोएडा में फिल्म सिटी बनाई जा रही है। जहां लता मंगेशकर के नाम से एकेडमी खोली जाएगी। जिससे यहां के कलाकारों को फिल्मों में काम करने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के नाम पर कैंसर अस्पताल बनाया जा रहा है। बुलंदशहर के मेडिकल कॉलेज का नाम उनके नाम पर होगा। अतरौली में उनके नाम से पॉलिटेक्निक कॉलेज खुल रहा है। सामने फायर स्टेशन बना हुआ है। यह भी डबल इंजन की सरकार ने भी बनवाया है। एटा का मेडिकल कॉलेज भी डबल इंजन की सरकार ने बनवाया है।
सपा सरकार में हुए थे 700 दंगे- योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने पांच साल में बिना भेदभाव समाज के लोगों के हितों में काम किया। सपा के समय महिला सुरक्षा और महिला गरिमा तार-तार होती थी। भाजपा सरकार में महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति अभियान चल रहा है। प्रदेश के अंदर दो करोड़ 61 लाख गरीबों के घर में शौचालय का निर्माण हुआ है। भाजपा की सरकार में कोई भी दंगा नहीं हुआ, जबकि सपा सरकार में 700 दंगे हुए। उन्होंने कहा कि आज पेशेवर माफिया और अपराधियों के लिए नया अलर्ट जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में राशन की डबल डोज मिल रही है। 2017 से पहले नहीं मिल रहा था। भाजपा सरकार विकास कर रही है, पहले की सरकार कब्रिस्तान की दीवार बनवाती थी।