कासगंज। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निजी क्लीनिकों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद एक क्लीनिक को सील कर दिया गया। इसके साथ ही एक चिकित्सक को नोटिस देने की कार्रवाई की गई। विभागीय कार्रवाई से चिकित्सकों में खलबली मच गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगरिया में संचालित बंगाली क्लीनिक का पिछले दिनों निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय चिकित्सक से आवश्यक अभिलेख मांगे गए, लेकिन चिकित्सक ने अभिलेख नहीं दिखाए। इसके बाद चिकित्सक को नोटिस जारी किया गया, लेकिन चिकित्सक ने नोटिस का जवाब नहीं दिया।
इसके बाद सीएमओ ने डॉ. एके चौहान को क्लीनिक का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी सौंपी। चिकित्सक ने क्लीनिक का निरीक्षण किया। निरीक्षण में क्लीनिक संचालित मिला। इसके बाद क्लीनिक को सील करने की कार्रवाई की गई। इसके बाद सोरोंजी बिजली घर के निकट संचालित डॉ. दिनेश क्लीनिक का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाई गई। इसके साथ ही चिकित्सक आवश्यक अभिलेख नहीं दिखा सके। इसके बाद चिकित्सक को नोटिस जारी किया गया। टीम में विभागीय कर्मी विशाल भी मौजूद रहे। सीएमओ डॉ. राजीव अग्रवाल ने बताया कि एक क्लीनिक को सील करने एवं एक चिकित्सक को नोटिस देने की कार्रवाई की गई है।