हमारे प्रधान: बाह की बिजौली गांव की तस्वीर और ग्राम प्रधान विनोद
- फोटो : अमर उजाला
विकास खंड बाह की ग्राम पंचायत बिजौली में विनोद सिंह बोधा भैया प्रधान चुने गए हैं। संस्कृत से परास्नातक और बीएड विनोद सिंह अपने परिवार के प्रधान बनने वाले पहले सदस्य हैं। वह गांव की जलमग्न सड़क और जलभराव से जूझ रहीं बस्तियों के लिए धरना-प्रदर्शन भी कर चुके हैं। उनका कहना है कि बिजौली को सबसे स्वच्छ ग्राम पंचायत बनाना उनका मकसद है। इसके लिए वे अपनी तरफ से पूरी कोशिश करेंगे। गांव को जलभराव से मुक्ति दिलाना और मजरों के रास्तों को पक्का कराना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल है। गांव में जल आपूर्ति के लिए टंकी बनी है। हर बस्ती तक टंकी का पानी पहुंचाने का भी प्रयास करेंगे।
गांव के विकास की ये हैं प्राथमिकताएं
1- जलनिकासी की व्यवस्था कराना, ताकि ग्रामीणों को जलभराव से निजात मिले।
2- खुले में शौच से मुक्ति के लिए ग्रामीणों को जागरूक बनाना।
3- विधवा, दिव्यांग, वृद्धों को पेंशन का हक दिलाना।
गांव बिजौली में ये हैं प्रमुख समस्याएं
1- मुख्य सड़क और अशोक नगर के तालाब के पानी से बस्ती की गलियां जलमग्न हैं।
2- मजरों की गलियां कच्ची पड़ी हैं, नाली का भी अभाव है।
3- शौचालय अधूरे पडे़ होने से लोग खुले में शौच जाने के लिए मजबूर हैं।
ग्राम पंचायत एक नजर में
तहसील और ब्लॉक मुख्यालय बाह से सटी हुई बिजौली ग्राम पंचायत की आबादी करीब 28 हजार है। इसमें 5 मजरे विद्यारामपुरा, बलाईपुरा, अलबेलीपुरा, पडुआपुरा, अशोक नगर हैं। गांव में पंचायत भवन बना हुआ है। बिजौली नगरपालिका बाह से सटी हुई है। गांव में पानी उपलब्ध कराने के लिए बड़ी टंकी लगाई गई है। गांव में शिक्षा के लिए परिषदीय प्राथमिक तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय और अग्निशमन केंद्र बने हैं।
ये भी पढ़ें- हमारे प्रधान: बालिका शिक्षा की अलख जगाना चाहती हैं ठेरई की प्रधान, परिवार संभाल रहा 38 सालों से गांव की कमान