शहर के राधारमन रोड पर सड़क के किनारे पड़ा कूड़ा
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। नगर पालिका के अधिकारियों के सुस्त रवैये के चलते सफाई कर्मचारी लापरवाह बने हुए हैं। इसकी वजह से कई स्थानों पर कूड़े 12 बजे दिन तक पड़े रहते हैं। वहीं, कई स्थानों पर दो से तीन दिन तक कूड़ा नहीं उठाया जाता है। इससे लोगों में संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने मंगलवार को डीएम से मिलकर मामले में हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है। ताकि नगर को स्वच्छ बनाया जा सके और लोग निरोग रहें।
नगर के देवीरोड, जिला अस्पताल के निकट, राधा रमन रोड, स्टेशन रोड आदि स्थानों पर दिन में 12 बजे तक कूड़ा पड़ा रहता है। जबकि इन मार्गों पर कई स्कूल भी संचालित हैं जिनके बच्चों को यहां से आना-जाना रहता है। जिला अस्पताल के निकट निवासी चाय विक्रेता घनश्याम का कहना था कि यहां तीन-तीन दिनों तक कूड़ा पड़ा रहता है।
सफाई वाहन कूड़ा उठाने ही नहीं आते हैं। जिसके चलते यहां के लोगों में बीमारियां फैलने की संभावना है। देवी रोड निवासी वेदराम का कहना था कि यहां पुरंग स्कूल के सामने दोपहर तक कूड़ा पड़ा रहता है सफाई वाहन नहीं पहुंचता है जिससे यहां जानवर कूड़े के ढ़ेर को फैलाते रहते हैं। राधा रमन रोड निवासी सविता का कहना था कि यहां भी दोपहर तक कूड़ा पड़ा रहता है और सफाई वाहन नहीं आता है। जबकि यहां से स्कूल बच्चों का आना जाना रहता है। लोगों ने जिलाधिकारी से इस संबंध में शिकायत की है।
शिकोहाबाद से आते हैं सफाई इंस्पेक्टर
आरोप है कि पालिका चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी ने सांठगांठ कर आउट सोर्स के माध्यम से कूड़ा वाहन की जिम्मेदारी सफाई इंस्पेक्टर ओमप्रकाश को सौंप दी है। वहीं, यह जिम्मेदारी लिखित में राजनरायन सिंह के पास है। ओमप्रकाश सिंह जिले में नहीं रुकते हैं। वे शिकोहाबाद से आते हैं। शाम को चार बजे वो यहां से निकल जाते हैं और सुबह आठ बजे ही लौटते हैं। इसके चलते सफाई टीमें भी निष्क्रिय रहती हैं ।
सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए सफाई इंस्पेक्टर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मनोरमा देवी, चेयरमैन