फतेहाबाद। कस्बा फतेहाबाद के अवंतीबाई चौक स्थित एक मेडिकल स्टोर पर बृहस्पतिवार सुबह सिर में लगाने वाले तेल की कीमत को लेकर ग्राहक और दुकानदार के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और पत्थर चल गए। घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मारपीट में तीन लोग घायल हुए हैं।
घटना बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे की है। गांव भरापुर निवासी जीतू पुत्र नेहने अवंतीबाई चौक स्थित एक मेडिकल स्टोर पर सिर में लगाने वाला तेल खरीदने गया था। तेल की कीमत को लेकर मेडिकल स्टोर संचालक केशव से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर जीतू का भाई रवि अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और पत्थर चले। पथराव होने से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में रवि, मेडिकल संचालक केशव और उसका भाई रामविलास घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया। थाना पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।