फतेहाबाद फोटों। खाई में उतर कर क्षतिगस्त हुए डबल डेकर बस
- फोटो : samvad
फतेहाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार तड़के चालक को नींद की झपकी आने से लखनऊ से दिल्ली जा रही स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए करीब 20 फीट गहरी खाई में उतर गई। बस में करीब 60 यात्री सवार थे। हादसे में पांच यात्री घायल हो गए। चालक बस छोड़कर भाग गया। बस के नहीं पलटने से बड़ा हादसा टल गया।
हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ। लखनऊ से 60 यात्री लेकर दिल्ली जा रही प्राइवेट स्लीपर बस फतेहाबाद थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 35.500 पर पहुंची। इसी दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे बस आगे चल रहे वाहन से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने यात्रियों को बस से बाहर निकाला। हादसे में अंकित यादव निवासी जवाहर खेड़ा मरपुर रायबरेली, हर्ष भारद्वाज निवासी पिलुआ (एटा), अंश मिश्रा निवासी हजरतगंज लखनऊ, खालिद निवासी ब्रह्मपुरी दिल्ली, सिद्धार्थ निवासी कचनापुर खंडेलगंज गोंडा घायल हो गए। यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी प्रथम सुधीश कुमार ने बताया घायलों का सीएचसी फतेहाबाद में उपचार कराया गया। अन्य यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस भाग निकले बस चालक की तलाश कर रही है।