आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के गांव नगला मट्टू में शनिवार देर रात मामूली बाइक टक्कर की घटना ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि विशेष समुदाय के लोगों ने एकजुट होकर दूसरे के लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में महिलाओं को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा। पथराव भी किया। इस घटना में महिलाओं समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
नगला मटटू निवासी पुष्पेंद्र की बाइक निकलते समय रास्ते में खड़े अमन पुत्र शमीम से टकरा गई। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते-ही-देखते हिंसक झड़प में बदल गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने एकजुट होकर दूसरे पक्ष के परिवार के घर पर धावा बोल दिया। लाठी-डंडों से हमला किया। पथराव किया।
महिलाओं को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा।हमले में लक्ष्मी पत्नी भगवानदास, सरोज पत्नी जगदीश, ज्ञान देवी, कलावती, केतकी समेत अन्य लोग घायल हो गए। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पीड़ितों का आरोप है कि यह सुनियोजित हमला है। इसके बावजूद पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं को नजरअंदाज कर मामूली धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। इससे ग्रामीणों में भारी रोष है। इंस्पेक्टर खंदौली ने बताया तहरीर के आधार पर अमन, असलम, आरिफ, अकरम, कुरवान, सलमान, जीशान, बब्लू, महबूब, गुलेसर सहित 18 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।