पंचायत चुनाव में हार जीत को लेकर हुआ विवाद, पथराव के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में ताजगंज के गांव कौलक्खा में जीत हार को लेकर चली आ रही तनातनी के बीच मंगलवार शाम को नवनिर्वाचित प्रधान और पूर्व प्रधान के गुटों में विवाद हो गया। दोनों ओर से लोगों के जुटने पर मारपीट और पथराव होने लगा। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। कुछ लोगों ने फायरिंग भी कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने पूर्व और वर्तमान प्रधान को पकड़ लिया। थाना प्रभारी का कहना है कि फायरिग नहीं हुई थी। पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
कौलक्खा में सुनहरी गांव के प्रधान थे। इस बार भी वह प्रधान और जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी थे। मगर, उनकी हार हो गई। विपक्षी चंदाबाबू प्रधान पद पर विजेता बने। जीत-हार को लेकर दोनों गुटों में तनातनी चल रही थी। दोनों के घर 50 मीटर की दूरी पर हैं।
मंगलवार शाम तकरीबन पांच बजे दोनों आमने-सामने आ गए। पूर्व प्रधान ने पुलिस को सूचना दी। तब चीता मोबाइल पहुंच गई। मामूली विवाद हो शांत करा दिया गया। शाम सात बजे एक बार फिर दोनों के समर्थक आमने-सामने आ गए। उनमें मारपीट के बाद ईंट पत्थर फिंकाई शुरू हो गई। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। चर्चा है कि कुछ लोगों ने फायरिंग भी कर दी। इसकी जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने सुनहरी और चंदाबाबू को पकड़ लिया। अन्य आरोपी भाग गए। थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश चंद त्रिपाठी का कहना है कि पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।